पटना स्नातक सीट पर JDU में घमासान, अनंत सिंह के आरोपों पर नीरज कुमार का पलटवार
Bihar Political News: बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) में चल रही खींचतान अब खुलकर बयानबाजी तक पहुंच गई है। मोकामा विधायक अनंत सिंह के नीरज कुमार के खिलाफ डॉ. अनुज कुमार को समर्थन देने के बाद दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
अनंत सिंह के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए JDU नेता नीरज कुमार ने कई आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने न्यायालय की पुरानी टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को वह स्वीकार नहीं करते। नीरज कुमार ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन का उद्देश्य धन अर्जित करना नहीं रहा है और वह धनबल या बाहुबल से डरने वाले नहीं हैं।
AK-47 वाले आरोप पर भी दिया जवाब
अनंत सिंह की ओर से नीरज कुमार पर AK-47 से जुड़े आरोप लगाए जाने पर उन्होंने कहा कि वह पहले अनंत सिंह का पूरा बयान सुनेंगे। इसके बाद कानूनविदों से राय लेकर आगे की कार्रवाई पर फैसला करेंगे।
नीरज कुमार ने अपने ऊपर अपराध से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका अपराध से कोई संबंध नहीं रहा है। इसी दौरान उन्होंने अनंत सिंह पर तंज भी कसा और कहा कि अगर उन्हें जमानत लिखना आ जाए तो यह भी बड़ी बात होगी।
नारकोटिक्स जांच की मांग पर क्या बोले?
अनंत सिंह ने नीरज कुमार की नारकोटिक्स जांच कराने की मांग भी की थी। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि नारकोटिक्स जांच कानून के दायरे में आने वाला विषय है। किसी व्यक्ति के बयान देने भर से इस तरह की जांच नहीं कराई जा सकती।
शराब पिलाकर लोगों से उन्हें गाली दिलवाने के आरोप पर भी नीरज कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वह न तो शराब पीते हैं और न ही इस तरह का काम करते हैं। इस आरोप पर उन्होंने ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ वाली कहावत का इस्तेमाल करते हुए जवाब दिया।
पार्टी सिंबल को लेकर भी साधा निशाना
पटना स्नातक सीट के चुनाव को पार्टी के सिंबल पर नहीं होने संबंधी अनंत सिंह के बयान पर नीरज कुमार ने भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें चुनाव की इस प्रक्रिया की जानकारी नहीं है तो ‘भगवान उनका भला करें।’
पटना स्नातक सीट को लेकर JDU में मतभेद पहले से चर्चा में हैं। अनंत सिंह ने नीरज कुमार के बजाय डॉ. अनुज कुमार के समर्थन का ऐलान किया है, जबकि नीरज कुमार लगातार अपने पक्ष को सामने रख रहे हैं।
ऐसे में दोनों नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर JDU के भीतर चल रही खींचतान को और सार्वजनिक कर दिया है।







