Newshaat_Logo

पटना में खुला पहला तरकारी आउटलेट! 200 जगह खुलेंगी सब्जी की दुकानें, किसानों और आम लोगों को क्या होगा फायदा?

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना जू के गेट नंबर-2 के पास राज्य के पहले तरकारी आउटलेट का उद्घाटन किया. वेजफेड की ओर से संचालित इस आउटलेट के जरिए किसानों से सीधे सब्जियां खरीदी जाएंगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी. सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव के मुताबिक, योजना के पहले चरण में 7.44 लाख रुपये प्रति इकाई की लागत से कुल 200 आउटलेट बनाए जा रहे हैं.
 
PATNA

Patna:  बिहार में किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और आम लोगों को उचित कीमत पर ताजी सब्जियां मुहैया कराने की दिशा में सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार, 1 नवंबर 2026 को पटना जू के गेट नंबर-2 के पास राज्य के पहले तरकारी आउटलेट का उद्घाटन किया। बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) की ओर से संचालित इस आउटलेट के जरिए किसानों और उपभोक्ताओं को सीधे जोड़ने की योजना है।

SAMRAT CHAUDHARY

उद्घाटन के मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव भी मौजूद रहे। सरकार का कहना है कि इस पहल से सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, वहीं आम लोगों को उचित दर पर ताजी और गुणवत्तापूर्ण सब्जियां मिल सकेंगी।

बिचौलियों से मिलेगी मुक्ति, किसानों से सीधे खरीदी जाएंगी सब्जियां

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उपभोक्ताओं को शुद्ध, ताजी तथा गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वेजफेड का तरकारी आउटलेट इसी लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

PATNA

वहीं, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि इन आउटलेट के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों और उनके समूहों से सीधे सब्जियों की खरीद की जाएगी। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। साथ ही, उपभोक्ताओं को भी उचित कीमत पर ताजी सब्जियां उपलब्ध होंगी।

पहले चरण में खुलेंगे 200 तरकारी आउटलेट

सहकारिता मंत्री के मुताबिक, योजना के पहले चरण में कुल 200 तरकारी आउटलेट तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक आउटलेट के निर्माण पर 7.44 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। एक आउटलेट का आकार 15×10 वर्ग फीट निर्धारित किया गया है।

योजना का विस्तार पटना नगर निगम क्षेत्र तक भी किया जाएगा। इसके तहत शहर के विभिन्न पार्कों में गुणवत्तापूर्ण तरकारी आउटलेट खोलने की योजना है। जल्द ही गर्दनीबाग स्थित ऑफिसर्स फ्लैट और शास्त्री नगर स्थित ऑफिसर्स क्वार्टर में भी ऐसे आउटलेट शुरू किए जाएंगे।

‘हर थाली में बिहार तरकारी’ है सरकार का लक्ष्य

इस योजना का मुख्य उद्देश्य ‘हर थाली में बिहार तरकारी’ के संकल्प को पूरा करना है। इसके लिए पंचायत और प्रखंड स्तर पर सब्जियों के संग्रहण और विपणन से जुड़ी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

सरकार की ओर से सब्जी संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं और प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा सब्जी हाटों में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा विकसित करने की भी योजना है, ताकि सब्जियों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके और उनकी बर्बादी रोकी जा सके।

किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

वेजफेड से जुड़ी सहकारी समितियों के किसान सदस्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके जरिए उन्हें आधुनिक खेती, बेहतर उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी दी जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से किसानों को बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी और सब्जी कारोबार से जुड़े रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही, उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर बेहतर गुणवत्ता वाली सब्जियां उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक (सहयोग समितियां) रजनीश कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।