Newshaat_Logo

बिहार में जल्द शुरू होंगी 5 नई चीनी मिलें, गन्ना किसानों की बढ़ेगी आमदनी; CM सम्राट ने दिखाई विकास रथ को हरी झंडी

बिहार के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य में चीनी उद्योग को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। 
 
सम्राट चौधरी

बिहार के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य में चीनी उद्योग को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। फिलहाल बिहार में 10 चीनी मिलें संचालित हैं, जबकि जल्द ही 5 नई चीनी मिलें शुरू करने की तैयारी है। इसके साथ ही बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों को भी दोबारा चालू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार की इस पहल से गन्ना उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को 'गन्ना विकास रथ-2026' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ बिहार के सभी जिलों में जाकर किसानों को गन्ने की खेती की आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज और सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक करेगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गन्ना किसानों की समृद्धि और राज्य में चीनी उद्योग का विकास सरकार की प्राथमिकता है। बिहार में 10 चीनी मिलें फिलहाल काम कर रही हैं और 5 नई चीनी मिलें जल्द शुरू करने की योजना है। सरकार का प्रयास है कि राज्य में चीनी उत्पादन को बढ़ावा मिले और किसानों को उनकी उपज का बेहतर लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ने की खेती किसानों की आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है। चीनी मिलों की संख्या बढ़ने से गन्ने की खपत के लिए बेहतर व्यवस्था होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

'गन्ना विकास रथ-2026' के माध्यम से किसानों को उन्नत गन्ना बीज, वैज्ञानिक तरीके से खेती, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी और प्रमाणित गन्ना बीज पर अनुदान के बारे में भी बताया जाएगा। नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती शुरू करने वाले किसानों को मुफ्त गन्ना बीज उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी जाएगी।

किसानों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के लिए सरकार ने 'गन्ना ID' और 'गन्ना साथी AI चैटबॉट' की शुरुआत की है। इनके जरिए किसानों को गन्ने की खेती से जुड़ी जरूरी जानकारियां और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

इसके अलावा किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर गन्ने की खेती से बेहतर मुनाफा कमा सकें।

सरकार को उम्मीद है कि इन प्रयासों से बिहार में गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग दोनों को नई रफ्तार मिलेगी।