Newshaat_Logo

खाद्य एवं आपूर्ति निगम के कार्यों पर सचिव दीपक आनंद की नजर, बोले- अनियमितता पर होगी तत्काल कड़ी कार्रवाई...

Patna: समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने निगम के विभिन्न कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि निगम से संबंधित सभी कार्यों का निष्पादन पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि...
 
BIHAR

Patna: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव दीपक आनंद ने शुक्रवार को खाद्य भवन स्थित बिहार राज्य खाद्य एवं आपूर्ति निगम लिमिटेड (BSFC) मुख्यालय में निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने प्रक्षेत्रवार एवं जिलेवार संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

Image

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने निगम के विभिन्न कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि निगम से संबंधित सभी कार्यों का निष्पादन पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि आम उपभोक्ताओं और लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके.

बैठक के दौरान दीपक आनंद ने निगम मुख्यालय में संचालित कंट्रोल रूम और शिकायत कॉल सेंटर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, शिकायत निवारण प्रणाली और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए.

सचिव ने स्पष्ट किया कि कार्यों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या शिकायत सामने आने पर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने की अपील की.

बैठक में बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक सुनील कुमार सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने को लेकर भी चर्चा की गई.