Movie prime

आरा से अमित शाह ने यादवों को लालू से किया सचेत, बोले- मुगालते में मत रहो

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एनडीए के प्रत्याशी आरके सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए शुक्रवार को आरा पहुंचे। जनसभा संबोधित करते हुए अमित शाह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने परिवारवाद को लेकर लालू यादव को घेरा साथ ही यादव समाज के लोगों को भी साधने के कोशिश की। उन्होंने कहा कि यादव समाज के लोग मुगालते में ना रहे कि लालू यादव उनके लिए काम करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि लालू जी का पूरा जीवन परिवार के लिए ही गया। यहां यादव समाज भी गलत मुगालते में है कि लालू जी यादव के लिए काम करते हैं। लालू के दोनों लाल बिहार में मंत्री बने। एक पुत्री राज्यसभा सांसद बनी। एक पुत्री को सीवान में सांसद बनाया.राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाया। राबड़ी देवी के दोनों भाइ को भी मंत्री और सांसद लालू जी ने बनाया। आपके लिए लालू यादव पास कोई जगह नहीं है। अगर पिछड़ों के लिए सम्मान होता तो कर्पूरी ठाकुर को कब का भारत रत्न मिल गया होता। पर नरेंद्र मोदी ने ये करके पिछड़ों का सम्मान किया है। 

अमित शाह ने कहा कि तेल पिलावन लाठी घूमावन और बाहुबलियों का कभी यहां राज था। आपको फिर से वही जंगलराज चाहिए क्या। फिरौती की इंडस्ट्री और हत्या और गैंगवॉर चाहिए क्या। अमित शाह ने कहा कि जबतक नरेंद्र मोदी पीएम हैं तबतक बिहार में जंगलराज नहीं आ सकता।