Newshaat_Logo

विकास की सौगात और विपक्ष पर चोट, मोदी बोले- “लालटेन राज था लाल आतंक, कांग्रेस को बिहार से नफरत”

 
विकास की सौगात और विपक्ष पर चोट

Gaya,Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गया की पावन धरती से विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए विकास की नई तस्वीर पेश की। उन्होंने राजद पर हमला बोलते हुए कहा कि लालटेन राज में लाल आतंक था, जिसने बिहार को अंधेरे में धकेल दिया। वहीं कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि इसके नेताओं को बिहार से नफरत है- “कांग्रेस का एक नेता तो यहां तक कह देता है कि बिहार के लोग उनके राज्य में घुस नहीं सकते।”

गया नहीं, गया जी- आध्यात्मिक नगरी का सम्मान”

मोदी ने सभा में कहा कि यह भूमि भगवान बुद्ध की साधना और शांति का प्रतीक है। यहां के लोगों की इच्छा थी कि शहर को “गया” नहीं बल्कि “गया जी” कहा जाए। उन्होंने इस फैसले के लिए बिहार सरकार को बधाई दी और कहा कि डबल इंजन की सरकार इस नगरी को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।

12 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने एक ही दिन में 12 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ऊर्जा, स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। उन्होंने कहा- “इनसे बिहार के उद्योगों को नई ताकत मिलेगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और गरीबों के जीवन से मुश्किलें दूर होंगी। मुझे जनता का सेवक बनकर यही काम करने में सबसे ज्यादा खुशी मिलती है।”

ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान पर सख्त संदेश

पीएम मोदी ने हाल ही में चर्चा में आए ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले कर रहा था। लेकिन भारत ने उसकी मिसाइलों को “हवा में तिनके की तरह” बिखेर दिया। उन्होंने कहा- आज भारत की सुरक्षा नीति ने नई लकीर खींच दी है। अब कोई आतंकी भारत में घुसकर बच नहीं सकता। बिहार की धरती से लिया गया संकल्प कभी अधूरा नहीं रहता।

कश्मीर हमले पर भी बयान

मोदी ने पहलगाम के आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकियों ने निर्दोषों को धर्म पूछकर मौत के घाट उतारा। उन्होंने कहा, बिहार की इस धरती से मैंने आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का संकल्प लिया था। आज दुनिया देख रही है कि वह संकल्प पूरा हुआ।

गरीबों को घर और नई ट्रेनें

सभा से पहले प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना (ग्रामीण और शहरी) के लगभग 16 हजार लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया। कुछ को मंच से प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी भी सौंपी। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गया-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।