गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार के लिए भारत रत्न की मांग की, राहुल गांधी और केजरीवाल पर बोला हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को बेगूसराय में कहा कि '2025 का बिहार विधानसभा चुनाव एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे।उन्होंने नीतीश कुमार और नवीन पटनायक को भारत रत्न देने की मांग की है। गिरिराज सिंह ने कहा कि 'बिहार को एक ऊंचाई पर ले जाने का काम नीतीश कुमार ने किया है। ओडिशा में नवीन पटनायक ने भी सालों तक सेवा की। ऐसे व्यक्ति को देश में पुरस्कृत किए जाने की जरूरत है। चाहे वह जिस भी पद पड़ रहा हो, काम करने वाले को भारत रत्न से नवाजा जाए।'
गिरिराज सिंह ने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जनता अरविंद केजरीवाल जैसे भ्रष्ट की बात नहीं मानेगी। अब वह कोई भी नौटंकी कर लें, दिल्ली उन्हें स्वीकार नहीं कर सकता है। मैं आज अटल जी की जन्म जयंती पर इतना ही कहूंगा कि 2025 में जो बिहार विधानसभा का चुनाव होने वाला है, उसमें किसी को कंफ्यूजन में नहीं रहना चाहिए।'
दिल्ली में बांग्लादेशी घुसपैठियों के आगमन के सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा कि 'अब समय आ गया है कि बांग्लादेशियों को समाज और सरकार चिह्नित करने की कोशिश करें। बांग्लादेशियों को चिह्नित करके उन्हें सरकार के हवाले करना चाहिए। उसे देश से बाहर निकलना चाहिए। सामाजिक समरसता के लिए बांग्लादेशी केवल पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज ही नहीं, बल्कि बिहार और तमाम राज्यों में खतरा है।'
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर भी हमला बोले। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एलओपी नहीं हैं बल्कि एक ब्लैक बेल्ट लिए हुए बाउंसर की भूमिका में रहते हैं। वो सांसदों को अपने ताकत के बल पर शारीरीक रूप से धक्का देते हैं। कांग्रेस ने पूरी जिंदगी बाबा साहब अंबेडकर से नफरत की है। कांग्रेस ने ना सिर्फ आंबेडकर को दो बार हराने का काम किया और ना सिर्फ उन्हें मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया बल्कि जीवन भर नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को भारत रत्न मिला लेकिन बाबा साहेब अंबेडकर को कांग्रेस ने नहीं दिया। इसके लिए कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। गिरिराज सिंह ने आगे कहा, 'कांग्रेस झूठी बातें फैलाकर अपने पापों से नहीं बच सकती है।