Newshaat_Logo

गोवर्धन पूजा प्रकृति, पर्यावरण, गौ-संरक्षण और कृषि संस्कृति के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक : डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर समस्त बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी है।

 
प्रेम कुमार

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर समस्त बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और कृषि के महत्व को दर्शाने वाला पावन पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश हमें प्रकृति के संरक्षण और उसके प्रति सम्मान की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि गोबर से गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक आकृति बनाकर पूजा करने की परंपरा हमारी प्राचीन कृषि संस्कृति और पर्यावरणीय चेतना का परिचायक है। गोबर केवल पूजा की सामग्री नहीं, बल्कि जैविक खाद, भूमि की उर्वरता और प्राकृतिक खेती का महत्वपूर्ण आधार भी है। यह गौवंश के संरक्षण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का भी प्रतीक है।

डॉ. कुमार ने सभी से गौ-संरक्षण, जैविक खेती, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने और उसके संसाधनों के प्रति कृतज्ञ रहने का संदेश देती है।

उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए।