Newshaat_Logo

पटना छात्र प्रदर्शन पर सरकार सख्त, विजय चौधरी बोले- आंदोलन का अधिकार है, हिंसा करने वालों को नहीं मिलेगी छूट

 
पटना छात्र प्रदर्शन पर सरकार सख्त, विजय चौधरी बोले- आंदोलन का अधिकार है, हिंसा करने वालों को नहीं मिलेगी छूट

Patna News: पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान विधायकों और पत्रकारों पर कथित हमले को लेकर बिहार सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने साफ कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन आंदोलन की आड़ में हिंसा, हमला या कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गुरुवार को बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों में बुधवार को डाकबंगला चौराहे पर हुए छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा छाया रहा। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मामले को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।

‘आंदोलन की आड़ में हिंसा करने वालों पर होगी कार्रवाई’

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि कई विधायकों ने सदन में शिकायत की है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें चिन्हित कर निशाना बनाया गया। सरकार ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के लोकतांत्रिक आंदोलन के अधिकार का सम्मान करती है, लेकिन सामने आए वीडियो और घटनाक्रम से ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदर्शन में कुछ असामाजिक तत्व भी शामिल थे।

विजय चौधरी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों के साथ भी कथित हमले की जानकारी सामने आई है। सरकार उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कराएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन की आड़ में हिंसा करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बचने नहीं दिया जाएगा।

BJP विधायक ने सदन में उठाया हमले का मुद्दा

इससे पहले विधानसभा में बीजेपी विधायक श्याम बाबू यादव ने बुधवार के प्रदर्शन का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान उन्हें निशाना बनाकर हमला किया गया। विधायक के मुताबिक, उनके वाहन और सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला हुआ, जिससे उनकी जान को खतरा पैदा हो गया था। उन्होंने इसे अपनी हत्या की कोशिश तक बताया।

विधायक के इस बयान के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहस ने तीखा रूप ले लिया और सदन में हंगामा शुरू हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सदस्यों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “यह सदन है, कोई युद्ध का मैदान नहीं।” लगातार जारी हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही कुछ ही मिनटों बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

विधान परिषद में भी जमकर हुआ हंगामा

छात्र प्रदर्शन को लेकर विधान परिषद में भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। विपक्ष ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से विधायकों पर कथित हमले को लेकर सवाल खड़े किए गए। हंगामे के चलते परिषद की कार्यवाही भी प्रभावित हुई और सदन को स्थगित करना पड़ा।

NEET पेपर लीक के विरोध में हुआ था प्रदर्शन

गौरतलब है कि बुधवार को पटना में NEET प्रश्नपत्र लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया था। छात्र राजभवन की ओर मार्च कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

घटना के बाद छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ विधायकों और पत्रकारों पर कथित हमले को लेकर भी सियासत गरमा गई है। अब सरकार ने साफ संकेत दिया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान किया जाएगा, लेकिन हिंसा या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।