पटना सिटी के बेलवरगंज में फेड बैंक की नई शाखा का भव्य उद्घाटन, भाजपा विधायक रत्नेश कुशवाहा ने किया शुभारंभ
पटना: पटना सिटी के बेलवरगंज में आज फेड बैंक (Fed Bank) की नई शाखा का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पटना साहिब के भाजपा विधायक रत्नेश कुशवाहा ने विशेष रूप से उपस्थित होकर नई शाखा का उद्घाटन किया। उन्होंने बैंक प्रबंधन एवं पूरी टीम को इस नई शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर विधायक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में बेहतर बैंकिंग सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बेलवरगंज में फेड बैंक की नई शाखा शुरू होने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और आम लोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी। इससे क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को अपने आसपास ही वित्तीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि बैंक प्रबंधन ग्राहकों को बेहतर, सरल और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास करेगा। साथ ही उन्होंने बैंक की पूरी टीम को नई शाखा के सफल संचालन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।







