Newshaat_Logo

बिहार विधान परिषद में फिर गरमाया माहौल: PDS मुद्दे पर राजद MLC और मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक

 
बिहार विधान परिषद में फिर गरमाया माहौल: PDS मुद्दे पर राजद MLC और मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक
Bihar political news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के सातवें दिन भी सदन का माहौल गरम रहा। विधानसभा के साथ-साथ विधान परिषद में भी पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। परिषद की कार्यवाही के दौरान राजद एमएलसी और मंत्री अशोक चौधरी एक बार फिर आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।

दरअसल, परिषद में राजद एमएलसी सुनील कुमार पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) में गड़बड़ी को लेकर सवाल उठा रहे थे। इसी दौरान मंत्री अशोक चौधरी ने बीच में हस्तक्षेप किया और उनके आरोपों पर कड़ा जवाब दिया। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में एक मुट्ठी अनाज भी नहीं बांट पाए, वे आज सरकार से हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आरोपों को वे गंभीरता से नहीं लेते।

सुनील कुमार ने कहा कि पीडीएस व्यवस्था में लापरवाही हो रही है और सरकार को बताना चाहिए कि आगे ऐसी गड़बड़ियां रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। मंत्री अशोक चौधरी जवाब देने के लिए खड़े हुए, लेकिन सभापति ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीच में उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक जारी रही।

गौरतलब है कि एक दिन पहले भी मंत्री अशोक चौधरी और राजद एमएलसी सुनील कुमार के बीच सदन में बहस और आरोप-प्रत्यारोप हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया था। हंगामे के बाद सभापति ने विपक्ष के सदस्यों को एक दिन के लिए सदन से बाहर भी कर दिया था। बजट सत्र के दौरान लगातार हो रहे हंगामे से सदन की कार्यवाही बार-बार प्रभावित हो रही है।