Newshaat_Logo

पिता के साथ ऐसा होता तो आप भी विचलित होते... सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर छलका चेतन आनंद का दर्द

 
चेतन आनंद

बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन की समय से पहले हुई रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। 1994 में तत्कालीन गोपालगंज डीएम जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को रद्द करते हुए उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद आनंद मोहन के परिवार और समर्थकों में हलचल तेज हो गई है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनके बेटे और औरंगाबाद के नवीनगर से जेडीयू विधायक चेतन आनंद ने पटना में इमरजेंसी बैठक बुलाई। इस बैठक में आनंद मोहन अपनी पत्नी और पूर्व सांसद लवली आनंद के साथ पहुंचे। बैठक के दौरान समर्थकों ने आनंद मोहन के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।

बैठक में चेतन आनंद ने भावुक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसने क्या कहा, इससे उन्हें कोई मतलब नहीं है। लोगों को उनकी जगह खुद को रखकर देखना चाहिए। अगर किसी के पिता के साथ ऐसा होता, तो वह भी विचलित होता।

चेतन आनंद ने बैठक को परिवार के लोगों की आपसी बैठक बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के कोने-कोने में मौजूद परिवार के सदस्य, फ्रेंड्स ऑफ आनंद और आनंद मोहन के पुराने चाहने वाले यहां जुटे हैं। सभी लोग मिलकर समझेंगे कि इस मुश्किल परिस्थिति का सामना कैसे करना है और आगे क्या रणनीति अपनानी है।

वहीं, आनंद मोहन के समर्थक शैलेश सिंह ने भी खुलकर उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब भी बुलाया जाएगा, वे आनंद मोहन के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि एक निर्दोष व्यक्ति आखिर कब तक संघर्ष करेगा? साथ ही आरोप लगाया कि जरूरत पड़ने पर जेल से बाहर निकाल लिया जाता है और काम खत्म होने पर फिर जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने साफ कहा कि उनके नेता जैसा आदेश देंगे, समर्थक वैसा ही करेंगे।

चेतन आनंद ने इस घटनाक्रम को संभावित षड्यंत्र बताते हुए कहा है कि समय आने पर इसका जवाब दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने अपने समर्थकों से किसी भी तरह की जल्दबाजी या अनुचित प्रतिक्रिया से बचने की अपील की है। सभी से अनुशासन और शालीनता बनाए रखने को कहा है।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आनंद मोहन के अगले कदम और उनके समर्थकों की रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हैं।