‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने की बिहार म्यूजियम की तारीफ, दुनिया में हासिल किया 9वां स्थान, एशिया में नंबर-1 बना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में बिहार की सांस्कृतिक उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में 9वां स्थान मिलने पर खुशी जाहिर की। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। यह उपलब्धि न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के संग्रहालयों से जुड़ी एक बेहद उत्साहजनक खबर सामने आई है। पटना के बिहार म्यूजियम ने दुनिया के कई प्रतिष्ठित संग्रहालयों को पीछे छोड़ते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। दुनिया के लोग पेरिस के प्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम और न्यूयॉर्क के द मेट म्यूजियम के बारे में जानते हैं, लेकिन बिहार म्यूजियम ने इन दोनों को भी रैंकिंग में पीछे छोड़ दिया है।
दरअसल, जर्मनी की प्रसिद्ध ट्रैवल गाइड और डिजिटल मैगजीन ‘वर्थ अ जर्नी’ की ओर से जारी ‘वर्ल्ड्स 100 बेस्ट म्यूजियम्स 2026’ की सूची में बिहार म्यूजियम को नौवां स्थान मिला है। इस सूची में जगह बनाने वाला यह इकलौता भारतीय संग्रहालय है। वहीं, न्यूयॉर्क का द मेट म्यूजियम 10वें और पेरिस का विश्वप्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम 31वें स्थान पर है।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान लोगों से अपील की कि जब भी वे किसी नई जगह की यात्रा पर जाएं, तो वहां के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और स्थानीय व्यंजनों के साथ संग्रहालयों को देखने के लिए भी समय जरूर निकालें। उन्होंने कहा कि संग्रहालयों के माध्यम से देश की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिलता है। इससे देश को जानने और समझने की यात्रा और भी समृद्ध होती है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने गुजरात के ‘अनंत अनादि वडनगर’ म्यूजियम का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बिहार म्यूजियम की इस उपलब्धि का जिक्र होने से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिली है। इसे बिहार के पर्यटन और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रचार-प्रसार के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।







