Newshaat_Logo

सोनपुर मेला में सहकारिता मंडप का उद्घाटन, सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, योजनाओं एवं ग्रामीण उद्यमिता की झलक : राम कृपाल यादव

सहकारिता मंडप में 15 स्टॉलों के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, भारत टैक्सी, बुनकर एवं मखाना उत्पादक समितियों, शहद उत्पादन, सब्जी विपणन, सहकारी बैंकिंग एवं अन्य सहकारी गतिविधियों का प्रदर्शन
 
रामकृपाल यादव

आज ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में सहकारिता मंडप का उद्घाटन माननीय मंत्री, सहकारिता विभाग श्री राम कृपाल यादव द्वारा किया गया। सहकारिता मंडप को बिहार में सहकारी आंदोलन की विविध गतिविधियों, उपलब्धियों एवं सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आकर्षक ढंग से तैयार किया गया है। मंडप में कुल 15 स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से सहकारिता क्षेत्र की योजनाओं, सहकारी समितियों के उत्पादों एवं ग्रामीण उद्यमिता की गतिविधियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

मंडप के प्रमुख आकर्षणों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, विभिन्न जिलों की प्राथमिक बुनकर सहकारी समितियाँ, मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति, ग्रामोद्योग एवं शहद उत्पादन समितियाँ, बिहार राज्य सहकारी बैंक, किसान उत्पादक संगठन (FPO), वेजफेड, भारत टैक्सी तथा लाइव काउंटर शामिल हैं। जमालहाता, सिवान, गया जी एवं पटना की बुनकर समितियों के साथ दरभंगा की मखाना उत्पादक समिति, पूर्वी चंपारण एवं वैशाली की ग्रामोद्योग समितियों तथा मुजफ्फरपुर की प्रगति स्वावलंबी सहकारी समिति की गतिविधियों एवं उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।

इस अवसर पर मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार में सहकारिता आंदोलन को आधुनिक, सुदृढ़ एवं नवाचार आधारित बनाने के लिए बिहार राज्य सहकारिता नीति, 2026 लागू की गई है। इसके माध्यम से किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों को सहकारिता से जोड़कर आत्मनिर्भरता एवं सामूहिक समृद्धि को बढ़ावा दिया जा रहा है। सात निश्चय-3 के तहत 'समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार' की परिकल्पना को साकार करने के लिए सकरी में सहकारी चीनी मिल एवं सह-विद्युत उत्पादन इकाई तथा रैयाम में आदर्श शुगर कॉम्प्लेक्स विकसित करने की पहल की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 'हर थाली में बिहारी तरकारी' के लक्ष्य के तहत राज्य में 534 प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों एवं 08 क्षेत्रीय संघों का गठन किया गया है, जिनसे 1,18,000 से अधिक किसान जुड़ चुके हैं। सब्जी क्षेत्र के विकास के लिए ₹106.39 करोड़ की योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं। रबी 2026-27 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की गई है तथा खरीफ विपणन मौसम 2026-27 में साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2,441 प्रति क्विंटल निर्धारित करते हुए अधिप्राप्ति के 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 7,452 गोदामों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिससे 19.95 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता विकसित हुई है। 'सहकारिता में सहकार' पहल के तहत 186 दुग्ध समितियों, 618 पैक्स, 19 प्राथमिक सब्जी उत्पादक समितियों एवं 07 अन्य सहकारी समितियों को बैंक मित्र के रूप में विकसित किया गया है। वहीं, सभी 23 जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों एवं बिहार राज्य सहकारी बैंक का CBS अपग्रेडेशन पूरा हो चुका है। पैक्सों में कॉमन सर्विस सेंटर, खाद-बीज व्यवसाय, जन वितरण प्रणाली, जन औषधि केंद्र एवं FPO जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ सहकारी समितियों को NCOL, NCEL एवं BBSSL जैसी बहुराज्यीय सहकारी समितियों से भी जोड़ा जा रहा है।

 मंत्री ने कहा कि सोनपुर मेला में स्थापित सहकारिता मंडप के माध्यम से आम लोगों को विभागीय योजनाओं, सहकारी समितियों की उपलब्धियों एवं उनके उत्पादों की जानकारी मिलेगी। मंडप में प्रतिदिन विभिन्न जिलों की सहकारी समितियों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा आयोजित की जाएगी, जिससे अनुभवों का आदान-प्रदान होगा और सहकारिता आंदोलन को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से रोजगार एवं उद्यमशीलता की असीम संभावनाएँ हैं। सहकारी समितियों को राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम एवं नाबार्ड के माध्यम से सहकारी बैंकों द्वारा उद्यमशीलता के विकास हेतु ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में लगभग डेढ़ करोड़ किसान विभिन्न प्रकार की सहकारी समितियों से जुड़े हैं। इस संख्या को और बढ़ाने के लिए सहकारी समितियों के अध्यक्षों एवं विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है।

इस अवसर पर निबंधक, सहयोग समितियाँ रजनीश कुमार सिंह तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।