Newshaat_Logo

भारत का संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सभ्यता, संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतिबिंब है: नितिन नवीन

कांग्रेस ने संविधान को सत्ता का हथियार बनाया, मोदी सरकार ने उसी संविधान को गरीबों, पिछड़ों, वंचितों और महिलाओं के सशक्तिकरण का माध्यम बनाया
 
नितिन नवीन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पटना में ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित किया और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कांग्रेस पर संविधान और डॉ भीमराव अंबेडकर जी के अपमान का आरोप लगाया।

नवीन ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के लिए संविधान का दुरुपयोग किया जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अंत्योदय, सामाजिक न्याय और जनकल्याण को धरातल पर उतारा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार के संवैधानिक संशोधनों, गरीब कल्याण योजनाओं और बिहार के विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी नागरिकों से संवैधानिक कर्तव्यों के पालन का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, राष्ट्रीय मंत्री एवं बिहार की सह-प्रभारी श्रीमती संगीता यादव, न्यायमूर्ति अंजनी कुमार शरण, न्यायमूर्ति हेमंत श्रीवास्तव, पद्मश्री डॉ. आर.एन. सिंह, ब्रह्मकुमारी बहन संगीता, बिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल, बी.आई.ए. के अध्यक्ष रामलाल खेतान, राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश, डॉ. सहजानंद प्रसाद, प्रदेश महामंत्री श्रीमती सरोज रंजन पटेल, श्रीमती सुषमा साहू सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

नवीन ने कहा कि मेरे लिए यह गर्व की बात है कि लोकतंत्र की जननी बिहार की पवित्र भूमि पर आकर आज 'संविधान गौरव दिवस' मनाने का अवसर मिल रहा है। अपने वरिष्ठ साथियों के बीच अपनी बात रखना मेरे लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। जब भी लोकतंत्र और संविधान की बात होती है, तो पूरे देश की निगाहें बिहार की ओर उठती हैं। वैशाली के लिच्छवी गणराज्य से सभा में बैठकर निर्णय लेने की परंपरा शुरू हुई। बोधगया में भगवान बुद्ध की कार्यप्रणाली से संघ में चर्चा, मतदान और सहमति की परंपरा की सीख मिली। वहीं, पाटलिपुत्र में सम्राट अशोक के शासनकाल से धर्म और लोक कल्याण पर आधारित शासन की प्रेरणा मिली। आंदोलन हो, क्रांति हो या कोई संदेश, लोकतंत्र को मजबूती देने में बिहार की सदैव अग्रणी भूमिका रही है। हाल ही में 21 नवंबर को वैशाली की इसी महान भूमि पर आकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा था कि भारत को दुनिया से लोकतंत्र सीखने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि भारत ने ही दुनिया को लोकतंत्र की परिभाषा बताई है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज संविधान गौरव दिवस के अवसर पर मैं संविधान के निर्माता श्रद्धेय भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरदार वल्लभभाई पटेल और सच्चिदानंद सिन्हा सहित उन सभी महानुभावों को नमन करता हूं, जिन्होंने संविधान निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई। 25 नवंबर 1949 को बाबा साहब ने अपने अंतिम भाषण में कहा था कि ‘एक समय था, जब भारत अनेक गणराज्यों से भरा हुआ था, जो आगे चलकर एक स्वतंत्र गणराज्य के रूप में विकसित हुआ।’ मैं संविधान को तीन रूपों में देखता हूं। पहला, इसका शरीर, जिसमें 395 मूल अनुच्छेद और धाराएं हैं। दूसरा, इसकी आत्मा, जिसमें भारत की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता और संस्कृति के दर्शन होते हैं। तीसरा, इसके प्राण, यानी वे लोग, जो इसे लागू करते हैं, इसका पालन करते हैं और धरातल पर उतारते हैं। संविधान की मूल प्रति को श्री प्रेम बिहारी नारायण रायजादा जी ने अपने हाथों से लिखा और शांतिनिकेतन के कला भवन में आचार्य नंदलाल बोस जी ने इसे चित्रित किया। मूल अधिकारों वाले भाग के शीर्ष पर लंका विजय के बाद अयोध्या लौटते प्रभु श्रीराम, मां सीता और लक्ष्मण जी का चित्र है। वहीं, नीति निर्देशक तत्वों वाले भाग में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कुरुक्षेत्र में अर्जुन को गीता का उपदेश देते हुए चित्रित किया गया है।

 नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी 'मन की बात' में कहा था कि संविधान निर्माताओं को प्रभु श्रीराम के शासन से प्रेरणा मिली। इसी से 'देव से देश' और 'राम से राष्ट्र' की कल्पना साकार हुई। संविधान के भाग 5 और 6 में भगवान बुद्ध और भगवान महावीर का उल्लेख है, जिनकी कर्मभूमि बिहार रही है। वहीं, अशोक चक्र पाटलिपुत्र के गौरवशाली इतिहास को दर्शाता है। 28 अगस्त 1947 को विभाजन के घावों के बीच सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने दृढ़ता से कहा था कि ‘हम एक राष्ट्र का निर्माण कर रहे हैं और उसकी नींव रख रहे हैं।’ वहीं, 24 जनवरी 1950 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी ने संविधान सभा में 'वंदे मातरम' को 'जन गण मन' के समान दर्जा देने की घोषणा की थी। हालांकि, उस भावना को पूरा सम्मान मिलने में 75 वर्ष लग गए। 15 अगस्त 2026 को जब लाल किले की प्राचीर से 'वंदे मातरम' का पूरा गीत गाया गया, तब प्रत्येक भारतवासी को गर्व हुआ कि संविधान की मूल भावना को सच्चा सम्मान मिला है।

नवीन ने कहा कि जिन वरिष्ठों की तपस्या से संविधान बना, सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने उसके साथ क्या किया, यह जानना आज आवश्यक है। कांग्रेस ने हमेशा अपने निहित स्वार्थ और निजी महत्वाकांक्षाओं को संविधान से ऊपर रखा। अनुच्छेद 356 (राष्ट्रपति शासन) के संबंध में 4 अगस्त 1949 को बाबा साहब ने आशा व्यक्त की थी कि यह एक मृत अक्षर बना रहेगा और कभी इसका उपयोग नहीं होगा। लेकिन कांग्रेस ने इसे विपक्षी दलों की राज्य सरकारों को कुचलने का हथियार बना लिया। 20 जून 1951 को पंजाब में पहली बार राष्ट्रपति शासन लगाने से लेकर 1959 में केरल की पहली निर्वाचित सरकार को बर्खास्त करने तक, कांग्रेस ने अपने पूरे कार्यकाल में 90 से अधिक बार चुनी हुई सरकारों को गिराया। अकेले इंदिरा गांधी के शासनकाल में 50 बार और 11 वर्षों में 39 बार इस शक्ति का राजनीतिक दुरुपयोग किया गया। आज अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल उठाने वालों को याद रखना चाहिए कि सत्ता में आने के मात्र डेढ़ वर्ष बाद, 19 जून 1951 को जवाहरलाल नेहरू पहला संविधान संशोधन लेकर आए और अनुच्छेद 19(2) के माध्यम से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाया। जब अदालतों ने अखबारों पर लगी रोक हटाई, तो सरकार ने संविधान ही बदल दिया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने इसका पुरजोर विरोध किया। आपातकाल के दौरान विचारों की अभिव्यक्ति करने वाली संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाने का काला इतिहास भी बिहार ने सबसे करीब से देखा है। आज केवल संविधान की प्रति लेकर घूमने से कांग्रेस के पूर्वजों के ये काले कारनामे खत्म नहीं हो जाएंगे। वर्तमान पीढ़ी को इनका जवाब देना ही होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को भी कदम-कदम पर अपमानित किया। 1946 में बॉम्बे विधानसभा में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस ने उन्हें संविधान सभा में नहीं भेजा। उस समय बंगाल के दलित नेता योगेंद्र नाथ मंडल जी ने उन्हें चुनकर संविधान सभा में भेजा। इसके बाद भी कांग्रेस ने बाबा साहब को लगातार दो चुनावों में हराने का काम किया। वर्ष 1951 में कांग्रेस ने नारी अधिकारों से जुड़े हिंदू कोड बिल को भी रोक दिया। अपने अंतिम समय में भी बाबा साहब को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। कांग्रेस हमेशा एक परिवार तक सीमित रही और उसने अपने ही वरिष्ठ नेताओं पी.वी. नरसिम्हा राव और प्रणब मुखर्जी तक को उचित सम्मान नहीं दिया। आज राहुल गांधी संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन केवल प्रति लेकर घूमने से काम नहीं चलेगा। उन्हें संविधान को आत्मसात करना होगा और संविधान निर्माता के प्रति अपनी पार्टी के व्यवहार के लिए देश से माफी मांगनी होगी। हमें गर्व है कि समय लगने के बावजूद भारत के लोकतंत्र ने अपने महापुरुषों को उचित सम्मान दिया। वर्ष 1990 में बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया और संसद के केंद्रीय कक्ष में उनका चित्र लगाया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा साहब से जुड़े पांच तीर्थस्थलों - जन्मभूमि, शिक्षा भूमि, दीक्षा भूमि, महापरिनिर्वाण भूमि और चैत्य भूमि का विकास कर उनके संदेश को समाज में स्थापित किया।

 नवीन ने कहा कि 25 नवंबर 1949 को बाबा साहब ने कहा था कि ‘संविधान कितना भी अच्छा हो, यदि उसे चलाने वाले लोग अच्छे न हों, तो वह बुरा सिद्ध होगा।’ कांग्रेस बाबा साहब की इस कसौटी पर पूरी तरह विफल रही। इसके विपरीत, अंतिम व्यक्ति के उत्थान के बाबा साहब के सपने और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 'अंत्योदय' के सिद्धांत को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने धरातल पर उतारा है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि दिल्ली से एक रुपया चलता है, तो गरीब तक केवल 15 पैसे पहुंचते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जनधन खाते खुलवाए, जिनका विपक्ष ने मजाक उड़ाया था। आज डीबीटी के माध्यम से दिल्ली से चला पूरा एक रुपया सीधे गरीब के खाते में पहुंचता है। प्रधानमंत्री आवास योजना, सुरक्षा योजनाओं, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री अन्न योजना के माध्यम से 50 करोड़ परिवारों के जीवन में बदलाव आया है और 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। हम पर संविधान बदलने का झूठा आरोप लगाया जाता है, जबकि हमने जब भी संविधान में संशोधन किया, समाज के वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का काम किया। अटल जी के नेतृत्व में 86वें संविधान संशोधन के माध्यम से 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क शिक्षा का अधिकार दिया गया। वर्ष 2017 में 101वें संविधान संशोधन के तहत 'एक राष्ट्र, एक कर' की व्यवस्था लागू कर जीएसटी की शुरुआत की गई। वर्ष 2018 में 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया। वर्ष 2019 में 103वें संविधान संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। वहीं, वर्ष 2023 में 106वें संविधान संशोधन के माध्यम से 'नारी शक्ति वंदन' के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने वर्ष 2010 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए ही संविधान के 60 वर्ष पूरे होने पर 'संविधान गौरव यात्रा' निकाली थी। तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने से पहले उन्होंने संविधान को शीश नवाया। विपक्ष केवल संविधान की प्रति लेकर घूमता है, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी संविधान को अपने हृदय में बसाकर जनता के दिलों तक पहुंचाते हैं। आज विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं और यहां तक कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों पर भी टिप्पणी कर राजनीति में अराजकता फैलाने का काम कर रहा है। मतदाता सूची के शुद्धिकरण (एसआईआर) को लेकर भी हाय-तौबा मचाई जा रही है। जिस तरह व्यवसायी हर साल अपने खातों का मिलान कर उन्हें दुरुस्त करते हैं, उसी तरह चुनाव आयोग मतदाता सूची का शुद्धिकरण कर रहा है। जिन 13 करोड़ नामों को हटाने पर शोर मचाया जा रहा है, उनमें 3 करोड़ मृत लोगों के नाम हैं, 6 करोड़ ऐसे लोगों के नाम हैं, जो स्थानांतरित हो चुके हैं और जिनके नाम दो जगह दर्ज थे। इसके अलावा, 3 करोड़ ऐसे संदिग्ध लोगों के नाम हैं, जिनका वर्ष 2003 की मतदाता सूची में भी नाम नहीं था। दस्तावेज मांगने पर वे अपना पता बताने से बचते रहे, यानी ये घुसपैठिए मतदाता हैं। जब चुनाव आयोग ने इस फर्जीवाड़े को साफ किया, तो विपक्ष की राजनीतिक जमीन खिसक गई। इसी बेचैनी में विपक्ष लोकतंत्र पर हमला कर रहा है। जिनके लिए अराजकता ही माध्यम है और जिनकी मानसिकता 'दिमागी नक्सलवाद' की है, वे भारत की सांस्कृतिक संजीवनी से सींचे गए मजबूत लोकतंत्र को कभी चुनौती नहीं दे सकते।

नवीन ने कहा कि मैं बिहार की पवित्र भूमि से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर बिहार को विभिन्न योजनाओं की सौगात दी। साथ ही, वैशाली की पवित्र भूमि से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के योगदान का सम्मान करते हुए सेतु का नाम 'नीतीश सेतु' रखा। पहले योजनाएं केवल पांच साल के चुनावी स्वार्थ को ध्यान में रखकर बनाई जाती थीं, लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र के साथ वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने का संकल्प लिया है। वर्ष 2013-14 के निराशाजनक माहौल से देश को निकालकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आशा और विश्वास का वातावरण बनाया है। बिहार में वर्ष 2005 के बाद श्री नीतीश कुमार जी ने सुशासन की जो नींव रखी थी, आज मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार उस विकास को नई गति दे रही है। कभी घोटालों के लिए चर्चित बिहार आज निवेश, नए अवसरों और नई उम्मीदों के लिए जाना जा रहा है। आज संविधान गौरव दिवस के अवसर पर हम संकल्प लें कि हम केवल अपने अधिकारों की बात नहीं करेंगे, बल्कि अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। युवा, महिलाएं, श्रमिक, किसान और व्यवसायी सहित सभी वर्गों के योगदान तथा 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयास से ही हम संविधान के दायरे में रहकर वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के सपने को साकार कर सकेंगे।