IRCTC घोटाला: लालू यादव ने निचली अदालत के आदेश को दी चुनौती, 5 जनवरी को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई
Political news: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कथित IRCTC घोटाले में अपने खिलाफ भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के आरोप तय किए जाने के निचली अदालत के आदेश को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। उनकी याचिका पर सोमवार, 5 जनवरी को न्यायमूर्ति स्वर्ण कांत शर्मा की पीठ सुनवाई करेगी।
यह मामला अक्टूबर 2025 में आए उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) के टेंडर आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर लालू प्रसाद यादव के खिलाफ आरोप तय किए थे। अदालत ने माना था कि रेल मंत्री रहते हुए उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग किया।
राबड़ी और तेजस्वी भी आरोपी
इस केस में लालू यादव के साथ उनकी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके बेटे तेजस्वी यादव, जो वर्तमान में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, भी आरोपी हैं। दोनों पर आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं के तहत आरोप तय किए गए हैं।
निचली अदालत की सख्त टिप्पणी
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) विशाल गोगने ने आरोप तय करते हुए कहा था कि लालू यादव को कथित साजिश की पूरी जानकारी थी और उन्होंने निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय हस्तक्षेप किया। अदालत के अनुसार, निविदा की पात्रता शर्तों में हेरफेर कर पसंदीदा पक्षों को फायदा पहुंचाया गया, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ।
क्या है पूरा मामला
यह केस सीबीआई द्वारा वर्ष 2017 में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच, रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव ने पटना और पुरी स्थित IRCTC होटलों के टेंडर अपने करीबी लोगों को दिलाने के बदले उन्हें कीमती जमीन और शेयर दिए जाने की साजिश रची। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने लालू यादव समेत 11 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।
हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी निगाहें
अब दिल्ली हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। यदि हाईकोर्ट निचली अदालत के आदेश पर रोक लगाता है, तो यह लालू यादव के लिए बड़ी कानूनी राहत मानी जाएगी। वहीं, अगर याचिका खारिज होती है, तो ट्रायल का रास्ता साफ हो जाएगा। यह मामला न सिर्फ कानूनी बल्कि राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम माना जा रहा है।







