Newshaat_Logo

जन सुराज पार्टी ने मनाया संविधान दिवस, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती बोले- संविधान में जिस समाज की परिकल्पना की थी, उसका एक कण भी नहीं दिखता

जन सुराज पार्टी ने संविधान दिवस पर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान भारतीय संविधान के गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संवैधानिक मूल्यों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया
 
प्रशांत किशोर

पटना: जन सुराज पार्टी ने संविधान दिवस पर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान भारतीय संविधान के गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संवैधानिक मूल्यों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अंबेडकर मंच के प्रदेश अध्यक्ष प्रो.शशिकांत ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।

संविधान में जिस समाज की परिकल्पना की थी, उसका एक कण भी नहीं दिखता: मनोज भारती

प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि जन सुराज पार्टी की स्थापना के बाद से लगभग हर साल यह कोशिश रही है कि एक ऐसा कार्यक्रम जरूर आयोजित किया जाए, जहां हम सभी एक साथ बैठकर संविधान के बारे में विचार कर सकें। संविधान दिवस के दिन हमें संविधान की महत्ता को समझना चाहिए और अपने बच्चों को भी इसके बारे में बताना चाहिए। संविधान में देश की शासन व्यवस्था के लिए तीन अंगों की परिकल्पना की गई है- विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका। विधायिका को नियम बनाने, कार्यपालिका को उन नियमों को लागू करने और न्यायपालिका को न्याय सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। बहुत सोच-समझकर इस व्यवस्था का निर्माण किया था। संविधान में जिस समाज की परिकल्पना की गई थी, उसका एक कण भी आज दिखाई नहीं देता है। चाहे वह समतामूलक समाज की बात हो, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय हो, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता हो, प्रतिष्ठा और अवसर की समता हो या फिर राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता की भावना हो। इनमें से हर चीज पर आज प्रश्नचिह्न लगा है।

संविधान सिर्फ किताब नहीं है, यह देश के करोड़ों लोगों को न्याय दिलाने का माध्यम: किशोर कुमार

पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों लोगों को न्याय दिलाने, समतामूलक समाज की स्थापना करने और सभी को समान अधिकार देने का माध्यम है। जन सुराज का मानना है कि संविधान किसी व्यक्ति या पार्टी की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है, बल्कि यह करोड़ों लोगों को न्याय दिलाने का हथियार है। जन सुराज का संकल्प है कि संविधान की रक्षा तब तक करते रहेंगे, जब तक करोड़ों वंचित लोगों को न्याय नहीं मिल जाता। आज यदि कोई अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाता है, तो उसे देशद्रोही घोषित कर दिया जाता है। कोई संस्था ईमानदारी से काम करना चाहती है, तो उस पर लोकतांत्रिक हमला होता है। लोकतंत्र की आत्मा को खत्म करने की साजिश की जा रही है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा केवल भाषणों से नहीं हो सकती, इसके लिए अपने आचरण में भी संवैधानिक मूल्यों को अपनाना होगा।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा, पार्टी के वरिष्ठ नेता सरवर अली, ओबैदुर रहमान, गजेंद्र मांझी और अनु गांधी समेत पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।