‘ट्विटर बबुआ’ पर जेडीयू का हमला: तेजस्वी पर झूठ फैलाने का आरोप, राबड़ी आवास के ‘कंगन विवाद’ की जांच की मांग
नीरज कुमार ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन जैसे शुभ अवसर पर भी तेजस्वी यादव ने तथ्यों से परे बयानबाजी की। उन्होंने ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान वीवीआईपी शौचालय निर्माण में कथित अनियमितता के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जिस परियोजना को लेकर सवाल उठाए गए, वहां एक नहीं बल्कि चार शौचालय बनाए गए थे और कुल खर्च लगभग चार लाख रुपये हुआ था। उन्होंने दावा किया कि प्रति शौचालय लागत एक लाख 56 हजार रुपये रही, जो पूर्ववर्ती सरकार के खर्च से कम है।
जेडीयू नेता ने महागठबंधन सरकार के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की ‘समाधान यात्रा’ के दौरान एक शौचालय के निर्माण पर इससे अधिक राशि खर्च की गई थी। उन्होंने सवाल किया कि उस समय सत्ता में शामिल रहे नेताओं ने इन खर्चों पर कभी सवाल क्यों नहीं उठाए।
प्रेस वार्ता के दौरान नीरज कुमार ने हाल में चर्चा में आए ‘कंगन विवाद’ को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस कंगन को बहुमूल्य बताया गया, उसी को लेकर उनकी पार्टी के नेताओं के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से भ्रम की स्थिति पैदा हुई है और राजद को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि सच्चाई क्या है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नीरज कुमार ने घोषणा की कि वह आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग करेंगे। उनका आरोप था कि पूरे मामले में कई सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब अभी तक सामने नहीं आया है।
जेडीयू नेता के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। अब सभी की नजर राजद की प्रतिक्रिया और इस मुद्दे पर आगे होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई है।







