Movie prime

सीएम नीतीश से जदयू नेता साकेत सिंह की मुलाकात, क्षेत्रीय विकास और संगठन विस्तार पर हुई अहम चर्चा

 
Bihar political

Bihar political update: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मंगलवार को पार्टी के बिहार प्रदेश सचिव और नरकटियागंज विधानसभा (पश्चिम चंपारण) के सह प्रभारी साकेत सिंह ने मुख्यमंत्री आवास, 1 अणे मार्ग पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लिया गया।

इस अवसर पर साकेत सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की बड़ी जीत और जदयू के बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जनादेश सुशासन, विकास और स्थिर नेतृत्व पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

क्षेत्रीय मुद्दों पर रखी बात

मुलाकात के दौरान साकेत सिंह ने अपने क्षेत्र से जुड़े कई अहम विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने गोपालगंज–सलेमपुर घाट पर पुल निर्माण की आवश्यकता को लेकर पत्र सौंपते हुए एक बार फिर आग्रह किया। उनका कहना था कि पुल बनने से पश्चिम चंपारण और आसपास के इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।

संगठन मजबूत करने पर जोर

इसके साथ ही साकेत सिंह ने पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की जरूरत पर भी बल दिया। उन्होंने मांग रखी कि बिहार के सभी संगठनात्मक जिलों में जदयू के जिला कार्यालय पार्टी के अपने निजी भवनों में संचालित किए जाएं, ताकि कार्यकर्ताओं को स्थायी और व्यवस्थित संगठनात्मक ढांचा मिल सके।

मुख्यमंत्री का सकारात्मक आश्वासन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोनों ही विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास और संगठनात्मक मजबूती दोनों ही सरकार और पार्टी की प्राथमिकता में हैं।

मुलाकात के बाद साकेत सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता जदयू कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इससे पार्टी को नई ऊर्जा मिलती है।