Newshaat_Logo

जीतनराम मांझी का CJP पर हमला, बोले- तिलचट्टे और झींगुर हैं, इनसे निपटने को तैयार

दिल्ली में जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन पर हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (HAM) के सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने तीखा हमला बोला है।
 
Jitan ram manjhi

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के आंदोलन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्र सरकार में मंत्री और हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा के प्रमुख जीतनराम मांझी ने प्रदर्शनकारियों पर तीखा हमला बोला है। मांझी ने CJP के सदस्यों को तिलचट्टे और झींगुर बताते हुए कहा कि इनसे निपटना उन्हें अच्छी तरह आता है।

जीतनराम मांझी ने शनिवार शाम सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भारत शेरों की धरती है। भारत माता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे शेर पैदा किए हैं, जो न तो कॉकरोचों से डरते हैं और न ही झींगुरों से। अपने पोस्ट में मांझी ने भारत माता की जय, संविधान जिंदाबाद और लोकतंत्र जिंदाबाद के नारे भी लगाए।

बता दें कि जीतनराम मांझी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम यानी MSME मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी ने एसआईआर प्रक्रिया के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कई जगहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे CJP के संयोजक अभिजीत दीपके समेत कई नेताओं और सैकड़ों समर्थकों को हिरासत में लिया गया।

आंदोलन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं रहीं। अब इस प्रदर्शन को लेकर जीतनराम मांझी के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।