तेजस्वी की जुबान फिसलने पर जीतन राम मांझी का तंज, बोले- ‘रात वाला नशा उतरा नहीं था, इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं’
Bihar news: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के एक बयान पर तीखा हमला बोला है। दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में तेजस्वी यादव की जुबान फिसल गई थी। उन्होंने दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी का नाम लेकर श्रद्धांजलि दे दी। इसी को लेकर अब जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया के जरिए तेजस्वी पर तंज कसा है।

जीतन राम मांझी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल।” इसके बाद उन्होंने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि लगता है “बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था, इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं।”
मांझी ने आगे लिखा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले वक्त में तेजस्वी यादव “जीते जी अपने पिता लालू जी एवं राबड़ी जी को भी श्रद्धांजलि दे देंगे।” उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में तंज कसते हुए लिखा, “नशा कुछ भी करा सकता है।”
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पटना में आरजेडी कार्यालय में दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के मौके पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में तेजस्वी यादव भी पहुंचे थे। अपने संबोधन के दौरान तेजस्वी की जुबान फिसल गई और उन्होंने दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी का नाम ले लिया।
बयान का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। अब जीतन राम मांझी ने उसी गलती को लेकर तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है।
मांझी के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। खास तौर पर शराब और नशे का जिक्र कर मांझी ने तेजस्वी पर सीधा राजनीतिक निशाना साधा है।







