संजय झा से मिलीं काम्या मिश्रा, क्या JDU जॉइन करेंगीं
अपनी छोटी सी पुलिस सेवा में 'लेडी सिंघम' के रूप में पहचान बनाने वाली 2019 बैच की पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने पटना में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की। दोनों ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसे दिवाली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान बताया।
हालांकि, अगस्त 2024 में दरभंगा के ग्रामीण एसपी पद से इस्तीफा देने वाली काम्या की इस मुलाकात ने बिहार की राजनीति में उनके एंट्री की चर्चाओं को हवा दे दी है। मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली काम्या वर्तमान में अपने पारिवारिक स्टील कारोबार को संभाल रही हैं
काम्या मिश्रा ने संजय झा के पटना स्थित सरकारी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। फोटो शेयर करते हुए काम्या ने लिखा कि बिहार को राष्ट्रीय मुख्यधारा में सशक्त पहचान दिलाने के लिए संजय झा के प्रयास प्रेरणादायी हैं। वहीं, संजय झा ने इसे महज दिवाली की शुभकामनाओं की शिष्टाचार भेंट बताया। इसके बावजूद, राजनीतिक हलकों में इसे उनकी चुनावी या राजनीतिक पारी की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
नौकरी छोड़ने के बाद काम्या मिश्रा अपनी पारिवारिक कंपनी 'जीएम आयरन एवं स्टील' में डायरेक्टर का पद संभाल रही हैं, जिसकी फैक्ट्रियां ओडिशा और झारखंड में स्थित हैं। काम्या की शादी 2019 बैच के ही आईपीएस अधिकारी अवधेश कुमार दीक्षित से हुई है, जो वर्तमान में भोजपुर (आरा) जिले के एसपी हैं। पति की बिहार में पोस्टिंग होने के कारण उनका राज्य से लगातार जुड़ाव बना हुआ है।







