जानिए सुबह 10 बजे तक कहां कितनी हुई वोटिंग, पटना शिक्षक सीट पर 12.88% मतदान
उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 28 विधान परिषद सीटों के लिए आज (23 अक्टूबर) सुबह आठ बजे से वोटिंग जारी है। इन सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। वोटिंग आज सुबह आठ बजे से शुरू हुई जो शाम चार बजे तक होगी। यूपी-बिहार-महाराष्ट्र और कर्नाटक के जिन सीटों पर वोटिंग होगी, उनमें बिहार की 8, कर्नाटक की 4, महाराष्ट्र की 5 और उत्तर प्रदेश की 11 सीटें शामिल हैं। सभी सीटों पर होने वाले मतदान को लेकर सियासत पहले से तेज है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने इन सीटों पर अपने अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। बिहार और यूपी में इस चुनाव के रिजल्ट पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी। इन सभी सीटों पर हुए मतदान का रिजल्ट 27 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हो रहे चुनाव में सुबह 10 बजे तक मतदान के आंकड़े सामने आए हैं. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5.5% और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12.88% मतदान हुआ है. वहीं, दरभंगा स्नातक क्षेत्र में 8% और दरभंगा शिक्षक क्षेत्र में 12% मतदाताओं ने वोट डाले हैं.
सुबह 10 बजे तक तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 4.81% और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 5.88% मतदान दर्ज किया गया. कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5.14% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जबकि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत 13.56% रहा.
पटना के मिलर स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर मंत्री अशोक चौधरी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हो रहे चुनाव के बीच कई नेता और मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डाल रहे हैं.







