अनंत सिंह पर एक्शन के बाद ललन सिंह एक्टिव, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बंद कमरे में 30 मिनट तक मुलाकात, क्या हुई बात
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को जेडीयू से निष्कासित कर दिया गया है. 24 अक्टूबर की शाम को हुई इस कार्रवाई के तत्काल बाद पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी कर दी. अब इस बड़े एक्शन के ठीक एक दिन बाद केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उनकी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई.
ललन सिंह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, ललन सिंह ने मुख्यमंत्री को पार्टी के फैसले की जानकारी दी और अनंत सिंह के खिलाफ हुई कार्रवाई और उसके पीछे की परिस्थितियों पर चर्चा हुई. इस मुलाकात में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह पर हुई कार्रवाई को लेकर ही हुई. ललन सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी को बताया कि किन परिस्थितियों में पार्टी को इतना कड़ा फैसला लेना पड़ा
साथ ही आगे अनंत सिंह को लेकर क्या-क्या कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर भी दोनों नेताओं में मंथन होने की चर्चा है. हालांकि, मुलाकात के एजेंडे को लेकर दोनों नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है
दरअसल, विधान परिषद चुनाव में अनंत सिंह और जदयू एमएलसी नीरज कुमार के बीच जारी विवाद पिछले कई दिनों से बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ था. अनंत सिंह लगातार नीरज कुमार पर हमलावर थे. मामला इतना बढ़ा कि पार्टी नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा. जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने भी इस विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी ललन सिंह को दिए जाने की बात कही थी.







