ललन सिंह का तेजस्वी पर हमला- 'नॉन सीरियस नेता हैं', लालू-राबड़ी के 15 साल के शासन पर भी उठाए सवाल
कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर बिहार की सियासत गरमा गई है. तेजस्वी यादव की टिप्पणी के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पलटवार किया है. उन्होंने तेजस्वी को जवाब देने के साथ ही उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तथा राबड़ी देवी के शासनकाल पर भी सवाल उठाए हैं. इस पुल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को करने वाले हैं.
पटना में पत्रकारों ने जब ललन सिंह से तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर सवाल किया, तो उन्होंने तल्ख अंदाज में जवाब दिया. ललन सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव कभी गंभीर नेता नहीं रहे हैं. उनकी बातों का जवाब देना भी ठीक नहीं लगता. उन्हें कुछ बोलने से पहले अपने पिता से पूछना चाहिए कि 15 साल के शासन में क्या काम हुआ था.
ललन सिंह ने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में एक पुलिया तक नहीं बनाई गई. उन्होंने कहा कि जो पुल पहले से बने हुए थे, उन्हें भी ध्वस्त कर दिया गया. अब तेजस्वी यादव प्रवचन दे रहे हैं. ऐसे गैर-गंभीर नेताओं की बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए. उनकी बातों का कोई महत्व नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश सेतु नीतीश कुमार के विजन का प्रतीक है. इस पुल की कल्पना उन्होंने की थी और उसे जमीन पर उतारने का काम भी किया. डीपीआर तैयार होने से लेकर निर्माण पूरा होने तक नीतीश कुमार इस परियोजना पर नजर बनाए रहे.
ललन सिंह ने बताया कि नीतीश कुमार लगातार पुल के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते थे. उस समय वे खुद पथ निर्माण मंत्री थे. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की सोच केवल बेवजह आलोचना करने तक सीमित है.
दरअसल, तेजस्वी यादव ने नीतीश सेतु नाम रखे जाने पर सवाल उठाया था. उन्होंने कहा था कि भाजपा इसके जरिए नीतीश कुमार की राजनीति खत्म करने का संदेश देना चाहती है. तेजस्वी के मुताबिक, आमतौर पर किसी व्यक्ति के दुनिया से चले जाने के बाद उसके नाम पर पुल या स्मारक का नाम रखा जाता है.
उन्होंने तर्क दिया था कि नीतीश कुमार के जीवित रहते उनके नाम पर पुल का नामकरण करना उन्हें किनारे करने और उनकी राजनीति समाप्त करने का संकेत है







