Movie prime

लालू के कहने पर 'लालू' ने बदला फैसला, अब रोहिणी आचार्य के लिए करेंगे चुनाव प्रचार

 

सारण जिले में वार्ड सदस्य से लेकर राष्ट्रपति चुनाव में ताल ठोकने वाले 45 वर्षीय लालू प्रसाद यादव ने छपरा संसदीय क्षेत्र से नामांकन वापस ले लिया है। इसी के साथ, उन्होंने महाराजगंज संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए पर्चा दाखिल कर दिया है। छपरा संसदीय क्षेत्र से नाम वापस लेने के बाद लालू प्रसाद यादव फिर सुर्खियों में आ गए हैं।


उन्होंने बताया कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के कहने पर उन्होंने राजद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य के समर्थन में अपना नामांकन वापस लिया है। अब वे सारण से रोहिणी को जिताने के लिए चुनाव प्रचार भी करेंगे।

उन्होंने कहा कि महाराजगंज एवं सारण संसदीय क्षेत्र अगल-बगल ही है। वहां उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। लालू प्रसाद यादव ऐसे शख्स हैं जो 12 बार चुनाव लड़ चुके हैं। अब उन्होंने 13वां चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल किया है।
 

सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड के जादो रहिमपुर निवासी लालू प्रसाद यादव सभी चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड भी बना रहे हैं। सारण लोकसभा क्षेत्र में वर्ष 2014 में हुए चुनाव में उन्हें नौ हजार 957 वोट मिले थे। इस चुनाव में भाजपा के राजीव प्रताप रुडी ने राजद प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 40 हजार 946 मतों से शिकस्त दी थी।
 

इसी तरह वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में लालू प्रसाद यादव को छह हजार 205 मत मिला था। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रुडी ने राजद प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका प्रसाद राय को एक लाख 38 हजार 429 मतों से चुनाव हराया था।
 

लालू प्रसाद यादव के चुनाव लड़ने से जीत -हार में कोई विशेष अंतर नहीं पड़ता है। मढ़ौरा प्रखंड के जादो रहिमपुर निवासी लालू प्रसाद यादव पंचायत से लेकर राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी पर्चा दाखिल कर चुके हैं। 2001 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले लालू प्रसाद यादव ने 2006, 2009 एवं 2011 तक पंचायत का चुनाव लड़े।