Movie prime

मकर संक्रांति पर लालू प्रसाद ने दिया दही-चूड़ा भोज, मीसा बोलीं- पॉलिटिक्स कयासों का खेल,कभी भी कुछ हो सकता है

 

देशभर में आज मकर संक्रांति मनाई जा रही है। बिहार की सियासत में मकर संक्रांति के दही-चूड़ा भोज का खास महत्व है। मकर संक्रांति के मौके पर हर साल की तरह इस साल भी चूड़ा-दही भोज पर पॉलिटिक्स काफी चर्चा में हैं। नेता अपने-अपने पार्टी कार्यालय और आवास पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन कर रहे हैं।

वहीं राबड़ी आवास पर भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन हुआ है। भोज में सीएम नीतीश कुमार को आमंत्रित करने के सवाल पर मीसा भारती ने कहा कि 'उन्हें इसकी जानकारी नहीं।' वहीं बिहार में खेला होने की बात पर कहा- 'राजनीति कयासों का खेल है। कभी भी कुछ भी हो सकता है, लेकिन राजनीतिक बदलाव पर कुछ कहना फिलहाल जल्दबाजी होगी।'

आरजेडी चीफ लालू प्रसाद का दही-चूड़ा भोज हर साल खास होता है। इस बाल भी लालू प्रसाद की तरफ से दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया है लेकिन इस भोज में खास नेताओं को ही बुलाया गया है।

मंगलवार को ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की तरफ से भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया जा रहा है। गठबंधन के सभी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। उधर, कांग्रेस भी सदाकत आश्रम में दही-चूड़ा भोज दे रही है। इससे पहले डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी दही-चूड़ा भोज दिया था जिसमें राज्यपाल शामिल हुए थे। बता दें कि बिहार में दही-चूड़ा भोज केवल पारंपरिक आय़ोजन नहीं है बल्कि इस दिन सियासी समीकरण बनते और बिगड़ जाते हैं।

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने 15 जनवरी को अपने आवास पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन रखा है। इसमें लालू प्रसाद और नीतीश कुमार को भी निमंत्रण भेजा है।

रालोजपा अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। उन्हें मकर संक्रांति के मौके पर 15 जनवरी को अपने आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज के लिए आमंत्रण दिया।