Movie prime

तेजस्वी के दावे पर बोले सम्राट चौधरी- 15 साल मजाक किए थे लालू यादव, पीएम ने 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत से जोड़ा

 

बिहार में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। राजद सुप्रीमो लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित पूरा विपक्ष केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोल रहे हैं। वहीं आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव के हमलों पर पलटवार किया है। सम्राट चौधरी ने कहा है कि, उनके पिता(लालू यादव) 15 साल तक बिहार की जनता से मजाक किए थे।

तेजस्वी पर हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि देश में मजाक नही हो रहा है। तेजस्वी यादव के पिता लालू प्रसाद बिहार में 15 साल तक मजाक ही किए थे। यह देश लोकतंत्र से चलता है और यह किसी परिवार का गुलाम नहीं है। लालू प्रसाद ने 15 साल तक बिहार के साथ क्या किया है उसे बिहार की जनता अच्छी तरह से जानती है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश के 80 करोड़ लोगों को खाना दिया। 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत से जोड़ने का काम किया लेकिन तेजस्वी यादव को अगर ज्ञान नहीं है तो ज्ञान अर्जित कर लें। बोलने और सपना देखने के लिए हर कोई स्वतंत्र है। जो पहला दो फेज का चुनाव हुआ है उन सीटों पर जमानत बचा लें यही काफी है।

दरअसल, विपक्ष सत्ता पक्ष के 400 पार नारे को लेकर कह रही है कि भाजपा के लोग संविधान को बदलना चाहते हैं इसलिए वो 400 से अधिक सीट चाहते हैं। विपक्ष का दावा है कि तीसरी बार अगर केंद्र में एनडीए की सरकार आई तो संविधान बदल दिया जाएगा। बीजेपी देश में बाबा साहेब अंबेडकर की संविधान को खत्म करना चाहती है। वहीं विपक्ष के इस आरोप को कई बार भाजपा नेताओं के द्वारा खारिज भी किया गया है।  

बता दें कि तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर हमला बोलते हुए कहा था कि इन लोगों से बिहार चल नहीं रहा है और पगड़ी उतर नहीं रही है। इस बार देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। पूरा देश में इस बार जनता चुनाव लड़ रही है और जनता की जीत तय है। तेजस्वी ने कहा है कि NDA की चार सौ पार वाली फिल्म पूरी तरह से फ्लॉप हो चुकी है और नरेंद्र मोदी डिप्रेशन में चले गए हैं।