लालू का तंज: “छह और ग्यारह, NDA नौ-दो-ग्यारह”- लालू यादव का तंज, बिहार चुनाव पर गरमाई सियासत
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल आखिरकार बज चुका है। चुनाव आयोग ने बीते दिन चुनावी तारीखों का ऐलान करते हुए साफ कर दिया कि इस बार मुकाबला दो चरणों में होगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। वहीं 14 नवंबर को मतगणना होगी। तारीखों की घोषणा के साथ ही बिहार की सियासत एक बार फिर पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है।
चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों का दौर भी शुरू हो गया है। सबसे पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने एनडीए पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सुबह-सुबह एक तंज भरा ट्वीट करते हुए लिखा- “छह और ग्यारह, NDA नौ-दो-ग्यारह”। लालू का इशारा साफ था- इस बार एनडीए सत्ता से बाहर जाने वाली है।
राजद प्रमुख यहीं नहीं रुके। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव के मूड में है और नीतीश सरकार के खिलाफ माहौल बन चुका है। लालू ने कहा, “बीते 20 साल से बिहार ठहरा हुआ है। भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी और पलायन ने लोगों को परेशान कर रखा है। अब जनता मुख्यमंत्री भी बदलेगी और सरकार भी।”
इस बीच, बिहार चुनावी मैदान में इस बार कई नए समीकरण बनते दिख रहे हैं। एनडीए और महागठबंधन के पारंपरिक मुकाबले के बीच जन सुराज पार्टी भी सक्रिय है। वहीं तेज प्रताप यादव की नई पार्टी भी चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है, जिससे मुख्य दलों की रणनीति और चुनौती दोनों बढ़ गई हैं।
दो चरणों में होने वाले इस चुनाव में पहले चरण में 121 सीटों और दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग होगी। कुल मिलाकर, इस बार का बिहार चुनाव न सिर्फ सत्ता का सवाल है, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा की जंग भी बन गया है।







