LJP(R) Foundation Day: तबीयत बिगड़ने से चिराग पासवान पटना नहीं पहुंच सके, दिल्ली से ऑनलाइन संबोधित किया समारोह- संगठन मजबूत करने और संकल्प पत्र लागू करने पर दिया जोर
Bihar political news: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को पटना स्थित बापू सभागार में धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के सांसद, विधायक और सभी प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। हालांकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान स्वास्थ्य कारणों से पटना नहीं पहुंच सके। दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचने के बाद अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें वापस अपने आवास लौटना पड़ा।
चिराग पासवान ने दिल्ली से दिया ऑनलाइन संदेश
स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद चिराग पासवान ने दिल्ली से ही ऑनलाइन जुड़कर रजत स्थापना दिवस समारोह को संबोधित किया। अपने वक्तव्य में उन्होंने पार्टी के संकल्प पत्र को जमीन पर उतारने और संगठन को और मजबूत करने की बात कही।
चिराग ने कहा- “हमारी प्राथमिकता है कि संकल्प पत्र का हर बिंदु धरातल पर उतरे। हमारे 19 विधायक जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी जिम्मेदारी से जुटें।”
उन्होंने बिहार में एनडीए की बड़ी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व का आभार जताया।
पटना में भव्य आयोजन, नेताओं का जमावड़ा
पटना के बापू सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के सभी सांसद, विधायक और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए। मंच से नेताओं ने लोजपा-आर की पिछले वर्षों की उपलब्धियों और आने वाले राजनीतिक लक्ष्यों पर चर्चा की।
चुनावों में मजबूत उपस्थिति, चिराग के नेतृत्व को मिली मजबूती
लोजपा-आर ने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया।
• लोकसभा चुनाव में 5 सांसद चुनकर आए।
• वहीं विधानसभा चुनाव में एनडीए के सहयोगी के रूप में 29 सीटों पर चुनाव लड़कर 19 सीटों पर जीत हासिल की।
इन नतीजों ने पार्टी की जनाधार और चिराग पासवान की राजनीतिक पकड़ को और मजबूत किया है।







