Newshaat_Logo

रैयत किसानों को बड़ी राहत, बेगूसराय एवं शिवहर को छोड़ राज्य के शेष जिलों में धान अधिप्राप्ति के लिए एग्री स्टैक आईडी अनिवार्य नहीं, पूर्व की भांति DBT निबंधन संख्या से बेच सकेंगे धान : राम कृपाल यादव

एग्री स्टैक पोर्टल पर भूमि संबंधी विवरणी अपूर्ण रहने से किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए लिया गया निर्णय
 
रामकृपाल यादव

राम कृपाल यादव ने कहा है कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें उनकी उपज की बिक्री में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने देना है। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति के लिए एग्री स्टैक पोर्टल पर भूमि संबंधी विवरणी अपूर्ण रहने के कारण रैयत किसानों को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए बेगूसराय एवं शिवहर जिले को छोड़कर राज्य के शेष सभी जिलों में रैयत किसानों से धान की अधिप्राप्ति पूर्व की भांति कृषि विभाग, बिहार के DBT निबंधन संख्या के आधार पर करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीकी अथवा पोर्टल संबंधी समस्याओं के कारण कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।

इस संबंध में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह द्वारा सभी जिला पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

एग्री स्टैक आधारित धान अधिप्राप्ति व्यवस्था के तहत किसानों की भूमि संबंधी विवरणी के आधार पर धान की खरीद की जानी थी। हालांकि, आवेदन के दौरान कई किसानों की भूमि संबंधी जानकारी पोर्टल पर अपूर्ण रहने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों की इन व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए सरकार ने यह राहत देने का निर्णय लिया है।

 मंत्री ने स्पष्ट किया कि धान अधिप्राप्ति की पूरी व्यवस्था को किसान हितैषी, सरल और सुगम बनाने के लिए विभाग तत्पर है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक तकनीकी प्रक्रियाओं अथवा दस्तावेजी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े, यह सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है।