Movie prime

ममता की बौखलाहट चरम पर: बंगाल में मतदाता पुनरीक्षण का विरोध कर अराजकता फैलाने की कोशिश- मंगल पांडेय

 
ममता की बौखलाहट चरम पर: बंगाल में मतदाता पुनरीक्षण का विरोध कर अराजकता फैलाने की कोशिश- मंगल पांडेय

Bihar News: बिहार के स्वास्थ्य व विधि मंत्री और पश्चिम बंगाल BJP के प्रभारी मंगल पांडेय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव में संभावित हार की आशंका से ममता बनर्जी बौखलाई हुई हैं, इसलिए वे बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए जा रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण का विरोध कर रही हैं।

मंगल पांडेय ने कहा कि यह वही ममता बनर्जी हैं, जो वाम मोर्चा सरकार के दौरान घुसपैठियों को बाहर निकालने की मांग करती थीं। लेकिन अब लंबे समय से वे उन्हीं घुसपैठियों की संरक्षक बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद घटना के बाद ममता सरकार का हिन्दू विरोध और मुस्लिम तुष्टिकरण का चेहरा पूरी तरह उजागर हो चुका है।

पांडेय ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी “मिट्टी-मानुष” की बात तो करती हैं, लेकिन वोट बैंक के लिए वे देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को खतरे में डालने से भी नहीं हिचकतीं। उनका कहना है कि ममता घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी होकर SIR के विरोध को हथियार बनाने की कोशिश कर रही हैं, जिससे देश में अराजकता फैलाई जा सके।

उन्होंने कहा कि उत्तर 24 परगना के बनगांव में चुनाव आयोग की प्रक्रिया के खिलाफ ममता बनर्जी ने जो बयान दिया है, उससे यह साफ है कि उनका उद्देश्य केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और भाजपा का विरोध करके अराजक माहौल पैदा करना है।

मंगल पांडेय ने दावा किया कि ममता बनर्जी का यह रुख जनता अब बखूबी समझ चुकी है, और आगामी चुनाव में उन्हें इसका राजनीतिक परिणाम झेलना पड़ेगा।