Newshaat_Logo

‘दिमागी नक्सली’ बयान पर मनोज झा का PM मोदी से सवाल, बोले- ऐसी भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं, स्क्रिप्ट राइटर बदले

राज्यसभा सांसद मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाये हैं. 
 
मनोज झा

राज्यसभा सांसद और आरजेडी नेता मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली से पटना पहुंचे मनोज झा ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रकाश पर्व दिवाली के दिन प्रधानमंत्री की ओर से इस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।

मनोज झा ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ‘दिमागी नक्सली’ की परिभाषा क्या है? क्या परीक्षा और निष्पक्ष एवं ईमानदार चुनाव प्रक्रिया की मांग करने वाला व्यक्ति दिमागी नक्सली है? उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने भाषणों की भाषा पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि जरूरत पड़े तो उन्हें अपना स्क्रिप्ट राइटर भी बदल देना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित बिहार दौरे को लेकर मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आना खुशी की बात है, लेकिन उन्हें राज्य के बुनियादी सवालों का जवाब भी देना चाहिए। बिहार में बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री को अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार को केवल श्रमिकों की आपूर्ति करने वाला राज्य बनाकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए।

वहीं, सोनिया गांधी पर विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोपों को लेकर भी मनोज झा ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आखिर सरकार किसकी है? यदि इस मामले में आरोप लगाए जा रहे हैं, तो सरकार को सामने आकर जवाब देना चाहिए।

इस तरह मनोज झा ने प्रधानमंत्री के बयान से लेकर बिहार के विकास और राजनीतिक मुद्दों तक पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कई सवाल उठाए।