Newshaat_Logo

कांग्रेस के विवादित पोस्ट पर भड़के मंत्री अशोक चौधरी, बोले- “B से बीड़ी नहीं, B से बुद्ध याद रखे कांग्रेस”

 
कांग्रेस के विवादित पोस्ट पर भड़के मंत्री अशोक चौधरी, बोले- “B से बीड़ी नहीं, B से बुद्ध याद रखे कांग्रेस”

Patna: केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट ने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया है। पोस्ट में बिहार की तुलना बीड़ी से करते हुए दोनों को “अब पाप नहीं” कहा गया था। शुक्रवार को बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने इस बयान पर तीखी आपत्ति जताई और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।

“कांग्रेस के मन में है बिहार के प्रति द्वेष”

अशोक चौधरी ने कहा कि इस पोस्ट से साफ है कि कांग्रेस के नेताओं के दिल में बिहारियों के लिए घृणा भरी हुई है।“एक तरफ उनके नेता वोट अधिकार यात्रा के नाम पर 17 दिन बिहार में गुजारते हैं, लोगों को लुभाने की कोशिश करते हैं और फिर लौटते ही बिहार का अपमान करते हैं।”

“B से बुद्ध भी होता है”

मंत्री ने कांग्रेस की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा, “उन्होंने कहा B से बीड़ी, B से बिहार। लेकिन क्या उन्हें यह याद नहीं कि B से बुद्ध भी होता है? भगवान बुद्ध को इसी बिहार की धरती पर ज्ञान प्राप्त हुआ था। लेकिन कांग्रेस को B से बुद्ध बोलने में शर्म आती है। यही उनकी घटिया सोच को दिखाता है।”

“अब बिहार पिछड़ा नहीं रहेगा”

अशोक चौधरी ने कहा कि कांग्रेस जैसी पार्टियां बिहार को कमजोर दिखाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन आने वाले समय में तस्वीर बदल जाएगी। “कुछ गलतियाँ जरूर हुईं, लेकिन अब वह दिन दूर नहीं जब बिहार तरक्की की नई मिसाल पेश करेगा। देश को बस 5 साल इंतजार करना होगा।”

पीएम पर अपमानजनक टिप्पणी का जिक्र

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर भी मंत्री ने कांग्रेस को घेरा। “हम अपने परिवारजनों के लिए जैसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करते, वैसी भाषा प्रधानमंत्री के लिए कैसे कर सकते हैं? बिहार बंद प्रतीकात्मक था, लेकिन संदेश देने के लिए काफी था।”

सीट शेयरिंग पर बोले- सब कुछ ठीक है

एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि हर दल में कार्यकर्ता अधिक प्रतिनिधित्व चाहते हैं। “दबाव स्वाभाविक है, लेकिन एनडीए में सब कुछ ठीक है। सीट शेयरिंग पर समाधान सौहार्दपूर्ण तरीके से निकलेगा।”