Movie prime

अररिया में मंत्री दिलीप जायसवाल का बड़ा हमला: राहुल गांधी से लेकर ममता बनर्जी और राजद तक पर जमकर बरसे

 
अररिया में मंत्री दिलीप जायसवाल का बड़ा हमला: राहुल गांधी से लेकर ममता बनर्जी और राजद तक पर जमकर बरसे

Bihar news: बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने रविवार को फारबिसगंज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई बड़े और तीखे बयान दिए। उन्होंने राहुल गांधी, ममता बनर्जी और राजद को लेकर जमकर निशाना साधा। मंत्री के बयानों से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है।

राजद की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक पर तंज कसते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि जनता ने राजद को पांच साल के लिए छुट्टी दे दी है। अब चाहे वे राष्ट्रीय बैठक करें या गांव की बैठक, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि जैसे स्कूल में पढ़ाई नहीं करने वाले बच्चों को छुट्टी दे दी जाती है, वैसे ही जनता ने राजद को राजनीति से छुट्टी दे दी है।

कांग्रेस नेता शशि थरूर की नाराजगी पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में अब आत्मज्ञान आने लगा है। उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “राहुल गांधी भगवान से वादा करके आए हैं कि वे कांग्रेस पार्टी को डुबोकर ही दम लेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी इस काम में पूरी मेहनत कर रहे हैं और कांग्रेस के नेता अब उनके नेतृत्व पर भरोसा नहीं करते।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी मंत्री ने निशाना साधा। दार्जिलिंग में भाजपा नेता के घर आग लगाए जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि “ममता बनर्जी के पाप का घड़ा भर चुका है, इसलिए वे अब घबराई हुई हैं और छटपटा रही हैं।”

बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर मंत्री जायसवाल ने कहा कि राज्य में अपराधियों को बख्शा नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि “अगर कोई अपराधी है तो उसकी सूचना दें, उसे सीधे भगवान के पास भेजने का काम किया जा रहा है।” उनका इशारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की ओर था।

इस मौके पर मंत्री ने साफ कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी हाल में अपराधियों को संरक्षण नहीं मिलेगा।

रिपोर्ट: अरुण कुमार, अररिया