मंत्री संजय सिंह की सिल्वर जुबली मैरिज एनिवर्सरी बनी खास, पटना आवास पर पहुंचे कई बड़े चेहरे
पटना: बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह की 25वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस खास मौके पर पटना स्थित उनके आवास पर बिहार सहित देश के कई दिग्गज राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का पहुंचना लगातार जारी है।

मंत्री संजय सिंह और उनकी धर्मपत्नी को शादी की 25वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देने के लिए कई प्रमुख नेता उनके आवास पहुंचे। इनमें बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार के मंत्री जमा खान, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह मंत्री कृपाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश के सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, पिंडरा विधायक अवधेश सिंह और बिहार के राज्यपाल के ओएसडी भैरव सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

इस दौरान सभी अतिथियों ने मंत्री संजय सिंह और उनकी पत्नी को वैवाहिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और उनके सुखमय दांपत्य जीवन, परिवार की खुशहाली एवं बेहतर भविष्य की कामना की।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियों की लगातार मौजूदगी के कारण मंत्री संजय सिंह का पटना स्थित आवास बधाइयों और आत्मीय मुलाकातों का केंद्र बना हुआ है। इस खास अवसर पर मंत्री संजय सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी ने आवास पर पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया और उनके स्नेह, सम्मान एवं शुभकामनाओं के लिए आभार जताया।
25 वर्षों के साथ, विश्वास और प्रेम के इस खूबसूरत सफर का जश्न अपनों और शुभचिंतकों की मौजूदगी ने और भी खास बना दिया।







