Newshaat_Logo

मीसा भारती ने की अनंत सिंह की मिमिक्री, 'ए गुंजन' के अंदाज में बोलीं- 'ए चंदन', वीडियो वायरल

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 
 
मीसा भारती

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मीसा भारती मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की नकल करती नजर आ रही हैं। उनके इस अंदाज को लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा तेज हो गई है।

दरअसल, वायरल वीडियो मीसा भारती के लोकसभा क्षेत्र पाटलिपुत्र के दानापुर में आयोजित एक शादी समारोह का बताया जा रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत करते हुए मीसा भारती ने बिना नाम लिए एक नेता पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि एक नेता पहले जेडीयू में थे, अब पता नहीं किस पार्टी में जाएंगे। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो खूब देखा जाता है, जिसमें वह एक खास अंदाज में 'ए गुंजन...' कहते नजर आते हैं।

इसके बाद मीसा भारती ने उसी अंदाज की नकल करते हुए कहा कि जब वह कलाकार को 'ए गुंजन...' कह सकते हैं, तो हम भी आरजेडी के लिए 'ए चंदन...' कह सकते हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।

मीसा भारती का यह अंदाज अनंत सिंह पर सियासी तंज के तौर पर देखा जा रहा है। इसे जेडीयू की ओर से की गई बयानबाजी का जवाब भी माना जा रहा है। हालांकि, समर्थक इसे हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में ले रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब मीसा भारती की इस मिमिक्री को लेकर बिहार की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।