संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक संजय गुप्ता, संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का किया आह्वान
पटना: कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक संजय गुप्ता पटना के ज्ञान भवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विधायक संजय गुप्ता ने संविधान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर संजय गुप्ता ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह राष्ट्र की एकता, अखंडता, न्याय और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान किए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करे।
उन्होंने कहा कि संविधान की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान दिलाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए संविधान के आदर्शों का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव, न्यायमूर्ति अंजनी कुमार शरण सहित कई वरिष्ठ नेता, गणमान्य व्यक्ति एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि संविधान हमारा स्वाभिमान और अभिमान है। इसकी गरिमा एवं मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है।







