Newshaat_Logo

संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक संजीव चौरसिया, संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

दीघा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक संजीव चौरसिया गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए
 
संजीव चौरसिया

पटना: दीघा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक संजीव चौरसिया गुरुवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव चौरसिया ने संविधान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने भारतीय संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह देश की एकता, अखंडता, न्याय, समानता और बंधुत्व का मजबूत आधार है।

संजीव चौरसिया ने कहा कि संविधान की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। संविधान में निहित आदर्शों का पालन कर ही एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने संविधान को देश का स्वाभिमान और अभिमान बताते हुए इसके मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव, न्यायमूर्ति अंजनी कुमार शरण सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, गणमान्यजन और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।