Movie prime

मोकामा गोलीकांड: अनंत सिंह को नहीं मिली राहत, अभी जेल में ही रहेंगे, कोर्ट ने केस की डायरी मांगी

 

मोकामा शूटआउट केस में पूर्व विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका पर आज सुनवाई हुई। पटना सिविल कोर्ट के ACJM 1 की कोर्ट ने इस मामले में पुलिस से केस डायरी की मांग की है। 24 जनवरी से पूर्व विधायक जेल में बंद हैं। बता दें कि 22 जनवरी की शाम मोकामा के नौरंगा में फायरिंग हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने अनंत सिंह पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस कर्मियों से धक्का मुक्की करने, गाली गलौज और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

मोकामा गोलीबारी केस में पुलिस ने 24 जनवरी को गैंगस्टर सोनू और अनंत सिंह के समर्थक रौशन को गिरफ्तार किया था। इसके कुछ देर बाद पूर्व विधायक ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर किया था। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया था। पूरे मामले में अबतक 5 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। जिसमें से एक पुलिस की ओर से दर्ज की गई है।

22 जनवरी बुधवार की शाम पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ नौरंगा गांव पहुंचे थे। वहां गैंगस्टर सोनू-मोनू और अनंत समर्थकों के बीच फायरिंग हुई थी। इस दौरान 100 राउंड फायरिंग होने की बात कही जा रही थी। फायरिंग का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ था। 53 सेकेंड के वीडियो में 20 राउंड फायरिंग की आवाज सुनी जा सकती है।

ग्रामीण SP विक्रम सिहाग ने बताया था, 'बुधवार सुबह में हेमजा गांव के मुकेश सिंह के घर पर सोनू-मोनू की ओर से पैसे के लेन-देन को लेकर ताला मार दिया गया। इसी समस्या का समाधान करने के लिए अनंत सिंह यहां आए थे। पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और स्थानीय मुखिया उर्मिला देवी के बेटे सोनू और मोनू के बीच फायरिंग हुई।'

22 जनवरी की शाम को हुई फायरिंग के बाद अनंत सिंह और सोनू-मोनू की ओर से तीखी बयानबाजी हुई थी। गैंगस्टर सोनू ने कहा था, 'गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।' इसके दूसरे दिन 23 जनवरी की सुबह नौरंगा जलालपुर गांव में फिर फायरिंग हुई। पूर्व विधायक ने जलालपुर के हेमजा गांव में जिस मुकेश की मदद की थी, उसके घर पर सुबह 5.30 बजे पिस्टल से 5 राउंड गोलियां चली थीं। फायरिंग का आरोप सोनू-मोनू गैंग पर लगा था।