सदन में गूंजा मोकामा टाल का मुद्दा: जलजमाव और फसल खरीद पर सरकार से तीखे सवाल, किसानों को राहत का भरोसा
सदन में सवाल उठाते हुए कुमार सर्वजीत ने पूछा कि टाल क्षेत्र में जलभराव की समस्या कब तक दूर होगी और दलहन फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाएगी या नहीं। इस पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में टाल इलाके के विकास और किसानों की सुविधा के लिए लगातार काम हो रहा है।
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी जवाब देते हुए बताया कि टाल क्षेत्र में पानी निकासी और जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हारोहार नदी के जरिए अतिरिक्त पानी को गंगा में छोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही लखीसराय के बालगुदर इलाके में एंटी-फ्लड स्लूइस गेट बनाया जा रहा है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार टाल क्षेत्र के किसानों की स्थिति सुधारने के लिए गंभीर है।
वहीं सदन में मक्का खरीद को लेकर भी बहस हुई। जोकीहाट के विधायक ने कहा कि मक्का खरीद के लिए पैक्स को आदेश नहीं दिया गया, जबकि मंत्री लेसी सिंह ने जवाब में कहा कि व्यापार मंडल और पैक्स दोनों को खरीद का निर्देश दिया गया था। इस पर विधायक ने सरकार के जवाब पर आपत्ति जताई।
मंत्री ने आगे बताया कि मक्का की खरीद इथेनॉल प्लांट की मांग के अनुसार NCCF के माध्यम से की जाएगी। इस पर AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि MSP का मकसद ही यही है कि मांग कम होने पर भी किसानों को उचित दाम मिल सके। स्पीकर ने मंत्री को सदस्यों के सुझाव पर विचार करने की सलाह दी।







