बेमौसम बारिश से तबाह फसलें, सांसद सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार को लिखा पत्र- ‘किसानों को तुरंत मिले मुआवजा’
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि 19 से 21 मार्च के बीच अचानक बदले मौसम ने राज्यभर में तबाही मचाई है। तेज आंधी, तूफान और लगातार बारिश के कारण गेहूं, मक्का, सरसों के साथ-साथ अरहर और मसूर जैसी दलहनी फसलें बड़े पैमाने पर बर्बाद हो गई हैं।
किसानों पर दोहरी मार
सुधाकर सिंह ने कहा कि जिन किसानों ने महीनों की मेहनत से फसल तैयार की थी, वे अब आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, वहीं खलिहानों में रखी उपज भी सड़ने के कगार पर है।
सरकार से क्या मांग?
अपने पत्र में सांसद ने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि-
• प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराया जाए
• नुकसान का पारदर्शी और त्वरित आकलन हो
• किसानों को सम्मानजनक मुआवजा जल्द दिया जाए
उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार संवेदनशीलता और तत्परता दिखाती है, तो इससे किसानों में फिर से उम्मीद जगेगी।
राज्यभर में दिख रहा असर
गौरतलब है कि इस सप्ताह हुई बेमौसम बारिश ने बिहार के कई जिलों में रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में अब किसानों की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी है। यह मामला सिर्फ फसल नुकसान का नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य और भरोसे की लड़ाई बनता जा रहा है।







