Movie prime

आपत्तिजनक बयान पर फंसे मुकेश सहनी, BJP बोली- दर्ज होना चाहिए मुकदमा

 

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी अपने ही एक आपत्तिजनक बयान को लेकर फंस गए हैं। भाजपा की तरफ से उनपर ताबड़तोड़ हमला बोला जा रहा है। मुकेश सहनी पर मुक़दमा दर्ज करने की मांग की जा रही है। दरअसल, मामला  मंडल कमीशन पर बयान देने से जुड़ा हुआ है। भाजपा प्रवक्ता सुहेली मेहता ने कहा है कि मुकेश सहनी को मंडल कमीशन के बारे में कुछ भी पता नहीं है। वहीं भाजपा के राज्यसभा सांसद भीम सिंह आपत्तिजनक बयान को लेकर मुक़दमा दर्ज करने की मांग की है।

भाजपा प्रवक्ता सुहेली मेहता ने मुकेश सहनी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुकेश सहनी को जानकारी का अभाव है। उन्हें नहीं पता है कि मंडल कमीशन कैसे लागू हुआ था। वो जिस कांग्रेस की गोद में खेल रहे हैं, उसने मंडल कमीशन का विरोध किया था। मंडल कमीशन वी पी सिंह की सरकार के समय लागू हुआ था। उस सरकार को भाजपा का भी समर्थन था। मुकेश सहनी जाति की राजनीति करते है और आरक्षण के नाम पर ही चुनाव लड़ रहे तो उन्हें ये पता होना चाहिए । देश में जब ही कोई आरक्षण लागू हुआ है उस समय या तो भाजपा की सरकार रही है या भाजपा के समर्थन वाली सरकार रही है।

भाजपा के राज्यसभा सांसद भीम सिंह  ने कहा कि पीएम के लिए जिस तरह की भाषा का प्रयोग मुकेश सहनी ने किया है वो निंदनीय है। उनपर इसके लिए मुक़दमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुकेश सहनी को मंडल कमीशन के बारे में पता नहीं है तो वो कैसे नेता बन गया। इससे अच्छा था कि ये मुंबई में अपना व्यापार कर रहा था।

बता दें कि आज मीडियाकर्मियों ने पीएम मोदी के उस बयान पर मुकेश सहनी से प्रतिक्रिया मांगी जिसमें उन्होंने कहा था कि मंडल कमीशन को 10 साल तक कांग्रेस की सरकार ने लागू नहीं होने दिया था।  पीएम पुराने समय की बात कर रहे थे। लेकिन मुकेश सहनी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने नहीं किया तो 10 साल में पीएम मोदी ने लागू क्यों नहीं किया? हिजड़ा की तरह ताली क्यों बजाते रह गए?