मुंगेर: 11 हजार दीपों से जगमगाएगा मां बड़ी दुर्गा मंदिर, सीएम सम्राट चौधरी करेंगे दीपोत्सव का शुभारंभ
मुंगेर के कल्याणपुर में आज भव्य दीपोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित इस भव्य आयोजन को लेकर पूरे इलाके में उत्साह और भक्तिमय माहौल है।
इस वर्ष दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए मंदिर परिसर में 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए जाने को लेकर यह आयोजन जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सम्राट चौधरी के आगमन और भव्य दीपोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन को यादगार बनाने के लिए समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर से लेकर आसपास की सड़कों तक रंग-बिरंगी रोशनी, झालरों और आकर्षक तोरण द्वारों से सजावट की गई है। मंदिर प्रांगण में लाखों दीपों की कतारें सजाई गई हैं। दीप प्रज्वलित होने के बाद पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठेगा।
इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मुंगेर जिले के विभिन्न इलाकों के अलावा आसपास के सीमावर्ती जिलों से भी हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।
श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए बरियारपुर-कल्याणपुर मार्ग पर विशेष रूट डायवर्जन लागू करने के साथ पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है।
कुल मिलाकर, 11 लाख 11 हजार 111 दीपों से जगमगाने वाला कल्याणपुर का यह दीपोत्सव भव्यता और आस्था का अनूठा संगम बनने जा रहा है।







