विधान परिषद चुनाव में सभी निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए प्रत्याशियों की जीत तय : संजय सरावगी
पटना: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा के विधायक संजय सरावगी ने आज बिहार विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में दरभंगा के बूथ संख्या 31 पर सपरिवार अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की।
मतदान के बाद संजय सरावगी ने विभिन्न इलाकों में पहुंचे और मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर मतदान की स्थिति, मतदाता सहायता कार्यों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की सहायता और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी भी प्राप्त की।
संजय सरावगी ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनभागीदारी में निहित है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है और जनभावनाओं को उचित प्रतिनिधित्व मिलता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार विधान परिषद चुनाव में एनडीए के सभी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से मिल रही सूचनाओं के अनुसार एनडीए के पक्ष में सकारात्मक माहौल रहा। लोगों ने एनडीए प्रत्याशियों को खुलकर समर्थन दिया जिससे सभी आठ सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत तय है।
संजय सरावगी ने कहा कि बिहार के प्रबुद्ध मतदाताओं ने इस चुनाव में एनडीए पर एक बार फिर भरोसा जताया है। बिहार की जनता ने एनडीए सरकार के सुशासन, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों को देखा है। इसी अनुभव के आधार पर मतदाताओं का विश्वास एनडीए के प्रति मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम किया है। इन योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने विकास और स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से एनडीए को सभी क्षेत्रों में व्यापक समर्थन मिला है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विधान परिषद चुनाव में भी मतदाता एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त किया है।







