Newshaat_Logo

दिल्ली में NDA की महाबैठक आज, ‘विकसित भारत 2047’ के रोडमैप पर मंथन; बिहार की रणनीति पर भी रहेगी खास नजर

 
मोदी और सम्राट
Bihar political update: नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक को विकास, सुशासन और भविष्य की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। देशभर की निगाहें इस हाई-लेवल बैठक पर टिकी हैं, जहां केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।

बैठक में बिहार का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव करेंगे। माना जा रहा है कि बिहार सरकार राज्य में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं, निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक विस्तार की रणनीति को केंद्र के समक्ष रख सकती है।

सूत्रों के अनुसार बैठक का प्रमुख एजेंडा केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत 2047’ विजन को जमीनी स्तर पर गति देना है। प्रधानमंत्री विभिन्न राज्यों से विकास योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक चुनौतियों और संभावित सुधारों पर फीडबैक ले सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम किसान समेत कई केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी बैठक में होने की संभावना है।

बिहार के लिए यह बैठक विशेष महत्व रखती है। राज्य सरकार केंद्र से लंबित परियोजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, औद्योगिक निवेश और नई योजनाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रख सकती है। हाल के दिनों में बिहार में निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लिए गए फैसलों के मद्देनजर भी यह बैठक अहम मानी जा रही है।

हालांकि बैठक का आधिकारिक फोकस विकास और सुशासन पर है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसके व्यापक संदेशों को लेकर भी चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद बिहार के शीर्ष नेताओं की केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेतृत्व के साथ अलग से मुलाकातें भी हो सकती हैं, जिन पर राजनीतिक विश्लेषकों की नजर बनी हुई है।

एनडीए की यह बैठक आने वाले समय में केंद्र और राज्यों के विकास एजेंडे के साथ-साथ राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।