Newshaat_Logo

बांकीपुर उपचुनाव के आखिरी दिन NDA का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्षों ने एक सुर में कहा- नीरज कुमार की जीत तय

 
बांकीपुर उपचुनाव के आखिरी दिन NDA का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्षों ने एक सुर में कहा- नीरज कुमार की जीत तय

Bihar political news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन एनडीए ने अपनी एकजुटता का जोरदार प्रदर्शन किया। गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में जनता से वोट की अपील की। नेताओं ने दावा किया कि बांकीपुर में एनडीए के पक्ष में माहौल पूरी तरह बन चुका है और नीरज कुमार बड़े अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि एनडीए के पक्ष में मतदाताओं का समर्थन लगातार मजबूत हुआ है। हाल के दिनों में हुए रोड शो और जनसंपर्क अभियानों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर एनडीए प्रत्याशी के साथ खड़ी है।

नीतीश कुमार की अपील का भी दिया हवाला

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने भी बांकीपुर के मतदाताओं से विकास की गति बनाए रखने के लिए नीरज कुमार के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी दल पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने दावा किया कि पटना और बांकीपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों ने जनता के बीच एनडीए के प्रति भरोसा मजबूत किया है।

राजू तिवारी ने प्रशांत किशोर पर साधा निशाना

लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने विपक्षी दलों और चुनावी रणनीतिकारों पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर का नाम लिए बिना तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि जिनके अधिकांश प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो चुकी है, वे बांकीपुर उपचुनाव में भी सीमित वोटों तक सिमट जाएंगे।

राजू तिवारी ने कहा कि नितिन नवीन का बांकीपुर से पुराना राजनीतिक और पारिवारिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने दावा किया कि चिराग पासवान समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ता नीरज कुमार के समर्थन में पूरी तरह एकजुट हैं।

HAM का दावा- पिछली जीत का रिकॉर्ड भी टूटेगा

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने बांकीपुर को एनडीए का मजबूत गढ़ बताते हुए नीरज कुमार की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को चुनाव मैदान में उतारकर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है।

अनिल कुमार ने दावा किया कि इस बार नीरज कुमार पूर्व विधायक नितिन नवीन की पिछली जीत के अंतर से भी ज्यादा बड़े अंतर से चुनाव जीत सकते हैं।

RLM ने गिनाए विकास कार्य, 2005 से पहले के बिहार का किया जिक्र

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने 2005 से पहले के पटना और मौजूदा पटना की तुलना करते हुए एनडीए सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने मरीन ड्राइव समेत शहर में विकसित हुए इंफ्रास्ट्रक्चर को सरकार की उपलब्धि बताया।

आलोक कुमार सिंह ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय अचानक सक्रिय होने वाले नेताओं को जनता अच्छी तरह पहचानती है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर के मतदाता एनडीए सरकार के विकास और सुरक्षा के मुद्दे पर गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुके हैं।

प्रचार का शोर थमने के साथ ही अब बांकीपुर की चुनावी जंग अंतिम दौर में पहुंच गई है। एनडीए नेताओं के दावों के बीच अब सबकी नजरें मतदान के दिन मतदाताओं के फैसले और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।