नीरज कुमार और नवल किशोर यादव कार्यकर्ता भावना एवं शिक्षक हितों के प्रति समर्पित नेता : संजय सरावगी
पटना: बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज नालंदा के बिहारशरीफ स्थित श्रम मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विधान परिषद के पटना स्नातक क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी नवल किशोर यादव को अपार बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नालंदा प्राचीन काल से ज्ञान की भूमि रही है। यहां से ऐसा संदेश जाना चाहिए कि शिक्षक और स्नातक मतदाता एनडीए के दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट हैं।
सरावगी ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में आम जनता नहीं, बल्कि स्नातक और शिक्षक मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं। नीरज कुमार ने विपरीत परिस्थितियों में भी एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ नहीं छोड़ा है। वहीं, नवल किशोर यादव ने शिक्षक हितों के लिए सत्ता में रहते हुए भी सरकार के सामने अपनी बात मजबूती से रखी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की परंपरा को मजबूत करें और माफिया तत्वों को राजनीतिक प्रश्रय देने वाली प्रवृत्तियों को नकारें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार का बजट लगभग 23 हजार करोड़ रुपये था और प्रति व्यक्ति आय करीब 6,800 रुपये थी। उस समय राज्य में केवल छह मेडिकल कॉलेज और दो इंजीनियरिंग कॉलेज थे। अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाओं की कमी थी तथा स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने जंगलराज समाप्त कर सुशासन की स्थापना की और विकास को नई दिशा दी।
उन्होंने कहा कि आज बिहार का बजट बढ़कर लगभग 3.47 लाख करोड़ रुपये हो गया है और प्रति व्यक्ति आय करीब 74 हजार रुपये तक पहुंच गई है। राज्य में मेडिकल कॉलेजों, पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थानों का विस्तार हुआ है। बिहार की आर्थिक विकास दर 13.1 प्रतिशत तक पहुंचना राज्य की प्रगति को दर्शाता है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए प्रयासों से युवाओं के लिए अवसर बढ़े हैं।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें भी आगे बढ़ने का अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार नीतीश कुमार के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। एनडीए पूरी तरह एकजुट है, जबकि विपक्ष बिखरा हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर स्नातक और शिक्षक मतदाताओं से संपर्क करने तथा दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
चुनावी सभा में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, मंत्री निशांत कुमार, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, मंत्री दीपक प्रकाश, लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती, पूर्व सांसद अरुण कुमार, हरि नारायण सिंह, जितेंद्र कुमार, डॉ. सुनील कुमार, राहुल रंजन, कृष्ण मुरारी शरण, कौशल किशोर, रीना यादव, कौशलेंद्र कुमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार, जदयू के जिला अध्यक्ष मोहम्मद अरशद, लोजपा के जिला अध्यक्ष मुकुट पासवान, ‘हम’ की संजू देवी और रालोसपा की सोनी कुशवाहा सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने पावापुरी के पोखरपुर में पूर्व विधान परिषद सदस्य स्वर्गीय कपिलदेव प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।







