अनंत सिंह के ‘पुदीना सिंह’ वाले बयान पर नीरज कुमार का पलटवार, बोले- मैं डरने वाला नहीं, अड़ने वाला हूं, मैं कोई अपराधी-गुंडा नहीं
बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विधान परिषद चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। बुधवार को अनंत सिंह ने नालंदा में रोड शो के दौरान नीरज कुमार पर तंज कसते हुए कहा था कि वे उन्हें ‘पुदीना सिंह’ कहते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि काउंटिंग के दिन सब साफ हो जाएगा।
अब नीरज कुमार ने भी बिना नाम लिए अनंत सिंह पर पलटवार किया है। गुरुवार को पटना के बाढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने खुद को जनता के बीच न्याय मांगने वाला बताते हुए अपने विरोधियों को कड़ा संदेश दिया।
नीरज कुमार ने कहा, “मैं आपके बीच न्याय मांगने आया हूं। क्या मैं अपराधी हूं, गुंडा हूं? बार-बार मेरा चरित्र हनन किया जा रहा है। मैं डरने वाला नहीं, अड़ने वाला हूं।”
तीन बार विधान पार्षद रह चुके नीरज कुमार ने कहा कि वह लंबे समय से जनता के बीच हैं और लोग उनके राजनीतिक जीवन तथा आचरण को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी ऐसा कोई काम किया है, जिससे जनता का सिर शर्म से झुक जाए।
उन्होंने कहा, “आप लोग मुझे 30-40 साल से जानते हैं। बताइए, क्या मैं कोई अपराधी हूं? क्या मैं बदमाश हूं? क्या मैं किसी के खिलाफ अपशब्द बोलता हूं?”
नीरज कुमार ने कहा कि वह किसी की गाली-गलौज से डरने वाले नहीं हैं, लेकिन उनके चरित्र पर सवाल उठाना बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने खुद को नीतीश कुमार और पार्टी के प्रति ईमानदार बताते हुए कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, उसे पूरी निष्ठा से निभाया है।
नीतीश कुमार पर हमला हुआ तो चलाऊंगा ‘विषैला तीर’
अपने संबोधन में नीरज कुमार ने नीतीश कुमार के बचाव में भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर राजनीतिक या अनैतिक हमला करने वालों को वह जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे। हमला अपनी पार्टी का कोई नेता करे, विपक्ष का नेता करे या सहयोगी दल का कोई व्यक्ति, उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता।
नीरज कुमार ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि नीतीश कुमार पर हमला करने वालों के खिलाफ ‘नीरज कुमार का विषैला तीर’ चलना तय है।
‘किसी को कोई नहीं फंसाता, उसके कर्म फंसाते हैं’
बिना नाम लिए विरोधियों पर निशाना साधते हुए नीरज कुमार ने कहा कि कभी किसी नेता पर फंसाने का आरोप लगाया जाता है, तो कभी किसी दूसरे नेता का नाम लिया जाता है। उन्होंने कहा, “कोई किसी को नहीं फंसाता, उसके कर्म फंसाते हैं।”
उन्होंने दावा किया कि जब उन पर आरोप लगे, तो उन्होंने पुलिस को प्रमाण दिए। नीरज कुमार ने कहा कि वह राजनीतिक आरोपों का सामना कर सकते हैं, लेकिन उनके चरित्र को लेकर सवाल उठाना स्वीकार नहीं करेंगे।
इस तरह पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। अब देखना होगा कि चुनाव प्रचार के दौरान यह सियासी टकराव किस मोड़ पर पहुंचता है और इसका मतदाताओं पर क्या असर पड़ता है।







