Newshaat_Logo

पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार का बड़ा दावा, बोले- सूर्य का उगना तय, मैं डरने वाला नहीं, अड़ने वाला हूं

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। इस हॉट सीट पर जनता दल यूनाइटेड यानी JDU के प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार ने अपनी जीत का दावा किया है। 
 
नीरज कुमार

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। इस हॉट सीट पर जनता दल यूनाइटेड यानी JDU के प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार ने अपनी जीत का दावा किया है। मोकामा के परशुराम स्थान में पूजा-अर्चना करने के बाद नीरज कुमार ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि तमाम हमलों के बावजूद न तो वह किसी को डराते हैं और न ही किसी से घबराते हैं।

नीरज कुमार ने अपने बयान में कहा, 'हम अड़ने वाले हैं, गिरने वाले नहीं हैं, क्योंकि हम बाबा परशुराम के वंशज हैं।' उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह सूर्य का उगना तय है, उसी तरह चौथी बार एनडीए उम्मीदवार की जीत भी तय है। नीरज कुमार के इस बयान को चुनावी मुकाबले के बीच उनके आत्मविश्वास और विरोधियों को दिए गए सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, पटना स्नातक सीट पर इस बार मुकाबला सिर्फ उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई भी बन गया है। चुनाव के दौरान जेडीयू विधायक अनंत सिंह के जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में उतरने से सियासी हलचल और तेज हो गई थी।

सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई, जब अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर प्रचार करना शुरू कर दिया। इससे जेडीयू के भीतर की सियासी खींचतान भी चर्चा का विषय बन गई। दूसरी तरफ, नीरज कुमार लगातार अपने विरोधियों पर निशाना साधते रहे और अपनी जीत को लेकर भरोसा जताते रहे।

इस चुनाव को और सुर्खियां तब मिलीं, जब नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं, अनंत सिंह के आरोपों और दोनों नेताओं के बीच जारी जुबानी जंग ने पटना स्नातक सीट को बिहार की सबसे चर्चित चुनावी सीटों में शामिल कर दिया।

अब सबकी निगाहें चुनावी नतीजों पर टिकी हैं। देखना होगा कि नीरज कुमार का जीत का दावा कितना मजबूत साबित होता है और अनंत सिंह के समर्थन से डॉ. अनुज सिंह मुकाबले में कितनी चुनौती पेश कर पाते हैं।